जहानाबाद में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में कई घायल, इलाके में तनाव का माहौल

घायल की तस्वीर
जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग मारपीट की घटनाएं हुईं, जिनमें कई लोग घायल हो गए. पहली घटना तुलसीपुर गांव में लड़की की विदाई के दौरान विवाद बढ़ने से हुई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हुए. दूसरी घटना रतनविगहा गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में हुई, जिसमें पिता और पुत्री घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Jehanabad News: (सुनिल शर्मा की रिपोर्ट) जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनाओं के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया गया.
पहली घटना: तुलसीपुर गांव में विदाई के दौरान विवाद
पहली घटना घोसी थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, एक लड़की की विदाई कराने उसके मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया और मामला अचानक मारपीट में बदल गया.
आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने लड़की की मां और उसके भाइयों पर हमला कर दिया. इस घटना में 22 वर्षीय आदित्य कुमार, 24 वर्षीय राहुल कुमार और उनकी 45 वर्षीय मां यशोदा देवी (निवासी पटना कुर्थोल) गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल घोसी पीएचसी में भर्ती कराया गया. फिलहाल तीनों का इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
दूसरी घटना: रतनविगहा गांव में पुराना विवाद बना कारण
दूसरी घटना घोसी थाना क्षेत्र के रतनविगहा गांव में हुई. बताया जा रहा है कि गांव में पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान राजकुमार यादव और उनकी पुत्री सोनी कुमारी के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को घोसी पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया गया.
पुलिस जांच जारी, इलाके में तनाव
दोनों घटनाओं को लेकर घोसी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लगातार हो रही मारपीट की घटनाओं से क्षेत्र में लोगों के बीच भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: आनंद मोहन के आरोपों पर जदयू का पलटवार, पार्टी नेता बोले- नीतीश कुमार न होते तो जेल में ही रहते
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










