जहानाबाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी सेवा में लापरवाही, ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टर

Updated:
विज्ञापन
jehanabad news

सदर अस्पताल, जहानाबाद

जहानाबाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिससे मरीजों को परेशानी हुई. सिविल सर्जन ने निरीक्षण कर स्थिति संभाली और वैकल्पिक डॉक्टर तैनात किए. दो चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप में वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए. पोस्टमार्टम हाउस की बिजली समस्या भी सामने आई.

विज्ञापन

Jehanabad News: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) शनिवार को जहानाबाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी सेवा उस समय प्रभावित हो गई जब ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए. इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को लंबे समय तक डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और आक्रोश की स्थिति बन गई.

सिविल सर्जन के निरीक्षण में खुली पोल

सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी दोपहर करीब 1:15 बजे सदर अस्पताल पहुंचे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि इमरजेंसी वार्ड में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके बाद उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए.

निर्धारित ड्यूटी के बावजूद अनुपस्थिति

जानकारी के अनुसार, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इमरजेंसी में डॉ. अमित राज और डॉ. उदय शंकर की ड्यूटी निर्धारित थी. लेकिन निरीक्षण के दौरान डॉ. उदय शंकर निर्धारित समय से पहले अस्पताल से चले गए थे, जबकि डॉ. अमित राज अनुपस्थित पाए गए.

वैकल्पिक व्यवस्था कर शुरू हुआ इलाज

स्थिति बिगड़ते देख सिविल सर्जन ने अस्पताल की प्रभारी अधीक्षक डॉ. रेनू सिंह और एसएनसीयू प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर को इमरजेंसी में तैनात किया। इसके बाद मरीजों का इलाज शुरू किया गया और स्थिति सामान्य हुई.

सिविल सर्जन ने जताई नाराजगी, कार्रवाई के निर्देश

डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों चिकित्सकों का वेतन रोकने और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इमरजेंसी सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मरीजों से मुलाकात और समस्याओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अस्पताल प्रशासन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.

पोस्टमार्टम हाउस में बिजली समस्या का भी निरीक्षण

इसके अलावा उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस का भी निरीक्षण किया, जहां बिजली आपूर्ति बाधित पाई गई. इस पर उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से संपर्क कर तत्काल बिजली बहाल करने के निर्देश दिए.

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आश्वासन

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read:बक्सर में सीएम दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन