जहानाबाद सदर अस्पताल से रेफर प्रसूता की निजी क्लीनिक में मौत, परिजनों ने NH-22 जाम कर किया हंगामा

Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

प्रसुता की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा। फोटो- प्रभात खबर

जहानाबाद में सदर अस्पताल से रेफर की गई एक प्रसूता की निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना से नाराज परिजनों ने क्लीनिक में हंगामा किया और शव रखकर NH-22 को जाम कर दिया.

विज्ञापन

जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jehanabad News: जहानाबाद में एक प्रसूता की मौत के बाद जमकर बवाल हो गया. सदर अस्पताल से गंभीर स्थिति में रेफर की गई महिला की एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लीनिक में हंगामा किया और शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया.

सदर अस्पताल से किया गया था रेफर

जानकारी के अनुसार काको प्रखंड के बारा गांव निवासी रेशमा परवीन को प्रसव के लिए बुधवार सुबह सदर अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया था. बताया जा रहा है कि महिला में खून की कमी समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं.

निजी क्लीनिक ले जाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद एक आशा कार्यकर्ता ने सुरक्षित प्रसव का भरोसा देकर महिला को शहर के लाल मंदिर के निकट स्थित एक निजी क्लीनिक में पहुंचा दिया. वहीं प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी.

हालत बिगड़ने पर किया गया रेफर

परिजनों के अनुसार निजी क्लीनिक में प्रसव के बाद महिला की स्थिति लगातार खराब होती गई. बाद में क्लीनिक प्रबंधन ने उसे सदर अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए. उन्होंने निजी क्लीनिक पहुंचकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. इसके बाद शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. स्थानीय लोगों के अनुसार हंगामे की सूचना के बाद क्लीनिक में ताला लगा दिया गया और वहां मौजूद कर्मचारी चले गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

घटना को लेकर परिजनों ने निजी क्लीनिक की कार्यप्रणाली और रेफरल प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. हालांकि मौत के कारणों और लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.

Also Read: जहानाबाद में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों का मुआवजे की मांग

विज्ञापन
Vikash Jha

लेखक के बारे में

By Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन