जहानाबाद के हुलासगंज अस्पताल में विधायक रितुराज का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर, दवाइयों में घपले का आरोप
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 16 May 2026 7:50 PM
विधायक रितुराज कुमार का औचक निरीक्षण
Jehanabad News: जहानाबाद के हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घोसी विधायक रितुराज कुमार ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान डॉ. राजेश गुप्ता और प्रधान लिपिक बिना सूचना के ड्यूटी से गायब पाए गए, जबकि दवा स्टोर का जिम्मा एक चतुर्थ वर्गीय कर्मी के भरोसे था. विधायक ने दवाइयों में घपले की आशंका जताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को व्यवस्था सुधारने और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया है.
Jehanabad News(सुनील शर्मा): जहानाबाद के हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घोसी विधायक रितुराज कुमार और जदयू के महासचिव राजीव नयन उर्फ राजू सिंह ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस औचक कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन की पोल खुल गई और कई गंभीर अनियमितताएं व कमियां उजागर हुईं, जिस पर विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है.
निरीक्षण के दौरान खुली अव्यवस्था की पोल
विधायक ने अस्पताल के ओपीडी (OPD), इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष और रोगी वार्ड का सघन जायजा लिया. इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने विधायक के सामने दुखों का पिटारा खोल दिया. मरीजों ने शिकायत की कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर नहीं मिलते, जरूरी दवाओं की भारी कमी है, चारों तरफ गंदगी का अंबार है और जांच सुविधाओं में घोर लापरवाही बरती जा रही है.
बिना सूचना गायब मिले डॉक्टर, चतुर्थ वर्गीय कर्मी के भरोसे था स्टोर
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त पाई गई. ड्यूटी के समय डॉ. राजेश गुप्ता और अस्पताल के प्रधान लिपिक बिना किसी पूर्व सूचना या आधिकारिक छुट्टी के गायब मिले. हद तो तब हो गई जब टीम स्टोर रूम का जायजा लेने पहुँची. वहां स्टोर कीपर नदारद थे और एक चतुर्थ वर्गीय कर्मी (फोर्थ ग्रेड कर्मचारी) पूरे स्टोर का जिम्मा संभाल रहा था. शुरुआती जांच में दवाइयों के स्टॉक में घपले की बात भी सामने आई है. अस्पताल के कमरों और शौचालयों की बदहाली देखकर विधायक ने वहां तैनात स्वास्थ्य प्रबंधक की जमकर क्लास लगाई और सवाल-जवाब किए. इसके अलावा, अस्पताल का कोई भी कर्मी ड्रेस कोड का पालन करता नजर नहीं आया.
दोषी कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई: विधायक
अस्पताल परिसर में पसरी गंदगी और डॉक्टरों की मनमानी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक रितुराज कुमार ने कहा कि बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए लगातार बजट और संसाधन दे रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों और कर्मियों की लापरवाही के कारण गरीब जनता को परेशान होना पड़ रहा है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अल्टीमेटम
विधायक ने हुलासगंज सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए और ड्यूटी से गायब पाए गए सभी कर्मियों से स्पष्टीकरण (शो-कॉज) मांगा जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं दिखा, तो वह लापरवाह अधिकारियों और कर्मियों के निलंबन व विभागीय कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर अनुशंसा करेंगे.
Also Read: वट वृक्ष की पूजा कर सुहागिनों ने मांगा पति की लंबी आयु का वरदान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










