मखदुमपुर बाजार से हटेंगे सभी अतिक्रमणकारी, CO ने कार्रवाई जारी रहने की कही बात
Published by : Vikas Jha Updated At : 04 Jun 2026 9:37 PM
अंचलाधिकारी (CO) रंजीत उपाध्याय
Jehanabad News: जहानाबाद के मखदुमपुर बाजार को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. अंचलाधिकारी रंजीत उपाध्याय ने साफ किया है कि चिह्नित सभी 53 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
Jehanabad News (रमेश कुमार): जहानाबाद जिले के मखदुमपुर बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी. अंचलाधिकारी (CO) रंजीत उपाध्याय ने गुरुवार की शाम जानकारी देते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र के सभी चिन्हित इलाकों से अतिक्रमण हटाया जाएगा. इस अभियान के तहत किसी भी अतिक्रमणकारी को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा. अंचलाधिकारी ने बताया कि मखदुमपुर बाजार के खलकोचक-प्लेया पइन, सरैया मोहल्ला, थाना क्षेत्र तथा मुख्य बाजार समेत अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
सरकारी भूमि पर कब्जा अवैध
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर मकान या दुकान का निर्माण नहीं कर सकता है. गौरतलब है कि बुधवार को मखदुमपुर बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर चला था. इस दौरान कार्रवाई से प्रभावित कुछ लोगों ने अंचलाधिकारी पर मोटी रकम मांगने का आरोप लगाया था. इन गंभीर आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए अंचलाधिकारी ने कहा कि यह पूरी तरह झूठा, निराधार और बेबुनियाद आरोप है. कार्रवाई से प्रभावित लोग प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं.
कुल 53 लोगों को नोटिस
अंचलाधिकारी ने बताया कि अंचल कार्यालय की ओर से कुल 53 लोगों को पहले ही विधिक नोटिस जारी किया गया था. बुधवार को दोपहर बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई थी, लेकिन जेसीबी मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने के कारण केवल चार मकानों को ही हटाया जा सका. उन्होंने कहा कि जल्द ही पोकलेन मशीन, अतिरिक्त जेसीबी तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर सभी चिन्हित अतिक्रमणों को जमींदोज किया जाएगा. इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी.
दस्तावेजों की जिला स्तर पर जांच
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने संबंधित भूमि का पर्चा होने का दावा किया है. ऐसे मामलों की सत्यता की जांच के लिए सभी संबंधित दस्तावेजों को जिला स्तर पर भेजा गया है. वहां से विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. अंचलाधिकारी ने अपनी बात को दोहराया कि बाजार क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read: वाणावर कोटेश्वर नाथ धाम हाल्ट पर अज्ञात युवक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










