अरवल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकला तिरंगा रैली, तिरंगा को आन-बान-शान का प्रतीक बताया
तिरंगा रैली | Prabhat Khabar Network
अरवल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा रैली। जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है।
Arwal News : अरवल डीएम के मार्गदर्शन में जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य जिलेवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है. इसी क्रम में 10 अगस्त को जिला सहकारिता कार्यालय में जिला सहकारिता पदाधिकारी आकांक्षा की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और कर्मियों ने तिरंगा रैली निकाली.
तिरंगा लेकर दिया देशभक्ति का संदेश
रैली के दौरान पदाधिकारियों और कर्मियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया. साथ ही आमजनों को हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने के लिए प्रेरित किया. रैली के माध्यम से लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक होने के साथ एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी प्रतीक है.
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
रैली में शामिल पदाधिकारियों और कर्मियों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को इससे जोड़ने का संकल्प लिया. लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई.
इंडोर स्टेडियम में बच्चों ने बढ़ाया उत्साह
इंडोर स्टेडियम, अरवल में भी बच्चों ने हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया. बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर और तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त की. बच्चों की सहभागिता से अभियान और अधिक जीवंत एवं प्रेरणादायी बना.
सम्मान और गरिमा बनाए रखने की अपील
इस अवसर पर बच्चों और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया. जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनने और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










