घोसी नगर पंचायत: सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न; अरविंद, रीता और रेणु देवी ने दर्ज की जीत
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 29 May 2026 1:31 PM
समर्थकों के साथ विजयी प्रत्याशी.
Jehanabad News स्थायी सशक्त समिति के चुनाव में कुल छह वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था. मतदान के बाद तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की. चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.
Jehanabad News (जहानाबाद से सुनील शर्मा की रिपोर्ट) घोसी नगर पंचायत में स्थायी सशक्त समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया. चुनाव को लेकर नगर पंचायत परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा. नगर पंचायत के कुल 20 वार्ड पार्षदों में से 19 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि एक वार्ड पार्षद के अपदस्थ होने के कारण वह चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके.
स्थायी सशक्त समिति के चुनाव में कुल छह वार्ड पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था. मतदान के बाद तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की. चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया.
समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लाद दिया
प्रथम सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में अरविन्द कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मत प्राप्त कर जीत हासिल की. उनके प्रतिद्वंदी उम्मीदवार को मात्र 5 मत मिले. वहीं दूसरे सदस्य पद के लिए रीता देवी ने 14 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी को 5 मतों से संतोष करना पड़ा. तीसरे सदस्य पद पर रेणु देवी ने भी 14 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की और दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रत्याशी को 5 मत मिले.
चुनाव परिणाम के बाद नगर पंचायत परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई. समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लाद दिया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. पूरे चुनाव के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया गया.
सभी विजयी प्रत्याशियों को दिया प्रमाण पत्र
स्थायी सशक्त समिति के चुनाव की प्रक्रिया जहानाबाद जिले के अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह चुनाव प्रवेक्षक राजीव कुमार की देखरेख में सम्पन्न हुई. वहीं निर्वाची पदाधिकारी सह वरीय उपसमाहर्ता निपुन कुमारी ने सभी विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस अवसर पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिता कुमार, बीपीआरओ सह एआरओ अमरजीत कुमार तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सह एआरओ अनील कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
Also Read: कनौली गांव में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










