राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय अरवल का सहायक निदेशक ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय का निरीक्षण करते प्रेरणा राय प्राचार्य प्रणव कुमार सहित अन्य
बिहार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक प्रो. प्रेरणा राय ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल का निरीक्षण किया. उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और छात्र सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया. प्रो. राय ने रीडिंग हॉल और एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए गुणवत्ता सुधार के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए.
Arwal News : कलेर में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार की सहायक निदेशक प्रो. प्रेरणा राय ने सोमवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं, छात्रावास, छात्र सुविधाओं तथा परिसर में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया.
शैक्षणिक व्यवस्था पर जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान प्रो. प्रेरणा राय ने संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के बाद उन्होंने महाविद्यालय की समग्र व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है.
रीडिंग हॉल और एम्बुलेंस सेवा की सराहना
उन्होंने प्रयोगशालाओं की साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव की प्रशंसा की. साथ ही विद्यार्थियों के लिए रात्रि 12 बजे तक संचालित रीडिंग हॉल तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उपलब्ध 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा को छात्रहित में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी हैं.
गुणवत्ता सुधार के लिए दिए सुझाव
सहायक निदेशक ने महाविद्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, पुस्तकालय की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा छात्रहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग और छात्र-केंद्रित गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए.
प्राचार्य ने सुधार का दिया भरोसा
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने सहायक निदेशक का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मिले सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा.
निरीक्षण से सुधार का मिलता है अवसर
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संस्थान की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया. उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण संस्थान की कार्यप्रणाली में सुधार का अवसर प्रदान करते हैं और भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










