जहानाबाद-बिहारशरीफ NH-33 जाम, पानी के लिए वार्ड-9 के लोग सड़क पर उतरे

जाम के कारण वाहनों की लगी लंबी कतार | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद शहर के दो वार्डों में 15 दिनों से भीषण जल संकट है. नल-जल से पानी की सप्लाई न मिलने से नाराज लोग सड़क पर उतर आए और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया. प्रशासन ने जल्द आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया है.
Jehanabad News : आश्वासन के बावजूद नल-जल से पानी की सप्लाई नहीं मिलने पर सोमवार को जहानाबाद शहर के वार्ड-9 के लोग सड़क पर उतर गए. उन्होंने जहानाबाद-बिहारशरीफ राष्ट्रीय राजमार्ग 33 को टेलीफोन एक्सचेंज के निकट जाम कर दिया. इससे पहले शनिवार को इसी मांग को लेकर वार्ड संख्या-8 के लोगों ने एनएच-33 को जाम कर दिया था. करीब 2 घंटे तक जाम के बाद बीडीओ नीलकमल ने उन्हें अगले ही दिन नल-जल से पानी सप्लाई का आश्वासन दिया था. तीन दिनों के बाद भी जब पानी की सप्लाई नहीं हुई तो लोगों का गुस्सा फिर से फूट पड़ा. फिर लोग बाल्टी, तसला और डब्बा लेकर सड़क पर उतर गए तथा एनएच-33 को जाम कर दिया. आगे देखिए जाम की कुछ तस्वीरें...


जल संकट से जूझ रहे दो वार्डों के लोग
जहानाबाद शहर के दो वार्डो के लोग (8 और 9) पिछले 15 दिनों से भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं. बावजूद इसके अभी तक उन्हें पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है. उन्हें दूसरे घरों में जाकर आरजू-मिन्नत करनी पड़ रही है. पिछले दस दिनों से नगर परिषद और प्रशासनिक पदाधिकारी से पेयजल के लिए गुहार लगा रहे थे, लेकिन कोई भी कुछ सुनने को लिए तैयार नहीं था. इसके बाद उन्होंने शनिवार को रोड जाम किया था. बावजूद इसके अभी तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई है.
जाम के कारण इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया. बिहार शरीफ से जहानाबाद और जहानाबाद से बिहार शरीफ जाने वाले वाहन इस जाम में फंस गए. करीब दो घंटे से इस मार्ग पर आवागमन बाधित रहने के बाद जहानाबाद प्रखंड की सीओ ममता वहां पहुंची. सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा रही हैं और पानी सप्लाई का आश्वासन देकर जाम छुड़वाने का प्रयास कर रही हैं.
मोटर-पाइप की कमी बन रही वजह
दरअसल इस इलाके में पानी का लेयर नीचे चला गया है, जिसके कारण नल जल का मोटर पानी की सप्लाई नहीं कर पा रहा है. मोटर में अतिरिक्त पाइप जोड़ने की जरूरत है. नल जल सप्लाई केंद्र का मोटर भी खराब है. मोहल्ले के लोगों और वार्ड पार्षद के द्वारा नगर परिषद और प्रशासनिक पदाधिकारी से गुहार लगाई जाने के बावजूद पिछले 15 दिनों से मोटर में अतिरिक्त पाइप नहीं जोड़ी जा रही है जिसके कारण पेयजल की सप्लाई ठप है. ऐसे में मोहल्ले के लोग आज दूसरी बार सड़क पर उतर गए.
इस सिलसिले में पूछे जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि सप्लाई केंद्र का मोटर खराब था, जो बन चुका है, जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी. जाम को छुड़ाने के लिए सीओ को वहां भेजा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










