अरवल में 99 आहर और 391 पइन का होगा जीर्णोद्धार, किसानों को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा

Updated:
विज्ञापन
जिला कार्यालय  | Prabhat Khabar Network

जिला कार्यालय, अरवल

जी राम जी योजना के तहत अरवल जिले के 99 आहर और 391 पईन का जीर्णोद्धार होगा. इससे किसानों को सिंचाई में मदद मिलेगी और भूजल स्तर में भी सुधार होगा.

विज्ञापन

Arwal News: अरवल जिले के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (जी राम जी) योजना के तहत बड़े पैमाने पर आहर और पइन के जीर्णोद्धार की तैयारी की गई है. योजना के तहत जिले के 99 आहर और 391 पइन का पुनरुद्धार कराया जाएगा.

हर खेत सिंचाई पर विशेष फोकस

जी राम जी योजना के तहत हर खेत तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए नहरों की उड़ाही, आहर-पइन की सफाई और खेतों तक पानी पहुंचाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. पंचायत स्तर पर आयोजित ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की भागीदारी से योजनाओं का चयन किया गया है.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मनरेगा की पुरानी योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से बंद कर जी राम जी योजना के तहत नई योजनाओं को लागू किया जा रहा है. इसमें हर खेत सिंचाई और जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है.

जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधारने में मिलेगी मदद

योजना के तहत आहर-पइन के जीर्णोद्धार से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा. साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर में गिरावट को रोकने में सहायता मिलेगी.

जी राम जी योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास को स्थायी स्वरूप देना है. इसके तहत जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है.

जिले के 99 आहर का होगा पुनरुद्धार

योजना के तहत विभिन्न प्रखंडों में आहरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा. इनमें अरवल प्रखंड के 34, कलेर प्रखंड के 52 और बंशी प्रखंड के 18 आहर शामिल हैं.

391 पइन की होगी मरम्मत और सफाई

जिले में कुल 391 पइन के पुनरुद्धार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसमें अरवल प्रखंड के 124, कलेर प्रखंड के 180, करपी प्रखंड के 7, कुर्था प्रखंड के 5 और बंशी प्रखंड के 78 पइन शामिल हैं.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जी राम जी योजना के तहत आहर-पइन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा. इससे किसानों को सिंचाई सुविधा बेहतर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी.


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन