अरवल में अवैध खनन पर सख्ती, डीएम-एसपी ने दिए संयुक्त छापेमारी अभियान के निर्देश

खनन का समीक्षा करते डीएम एसपी
अरवल डीएम और एसपी ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का कड़ा निर्देश दिया है.
Arwal News: जिला पदाधिकारी अमृता बैस एवं पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बालू घाटों की स्थिति, राजस्व संग्रह, अवैध खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण तथा ईंट-भट्टों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई.
अगस्त तक का राजस्व लक्ष्य पूरा
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अरवल जिले को खनिज राजस्व संग्रह के लिए 2 अरब 76 करोड़ 43 लाख 11 हजार रुपये का लक्ष्य मिला है. समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अगस्त 2026 तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित कर ली गई है.
जिले में संचालित हैं 19 बालू घाट
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में अरवल जिले में सोन नदी क्षेत्र के 17 तथा पुनपुन नदी क्षेत्र के 2 बालू घाट संचालित हैं. सभी घाटों का संचालन निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप कराया जा रहा है तथा उनकी नियमित निगरानी की जा रही है.
अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति
डीएम अमृता बैस ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पुलिस और प्रशासन मिलकर चलाएंगे अभियान
पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को खनन और परिवहन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया.
287 छापेमारी अभियान चलाए गए
समीक्षा के दौरान बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ 287 छापेमारी अभियान चलाए गए हैं. इन अभियानों के दौरान कई मामलों में कार्रवाई करते हुए राजस्व की वसूली भी की गई है. अधिकारियों को आगे भी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया गया.
ट्रैक्टरों से अवैध परिवहन पर विशेष नजर
डीएम ने ट्रैक्टरों के माध्यम से हो रहे अवैध खनन और परिवहन पर चिंता जताते हुए खनन विभाग, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को संयुक्त जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों को जब्त कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
ईंट-भट्ठों की भी हुई समीक्षा
बैठक में जिले के ईंट-भट्ठों की स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अरवल जिले में कुल 59 ईंट-भट्ठे संचालित हैं. इनमें से 53 संचालकों ने निर्धारित राजस्व का भुगतान कर दिया है, जबकि शेष 6 संचालकों के विरुद्ध वसूली की प्रक्रिया जारी है. डीएम ने लंबित राजस्व की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राजस्व वृद्धि और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










