अरवल में लंबित नीलाम पत्रवादों के त्वरित निष्पादन का निर्देश, डीएम ने की समीक्षा

Updated:
विज्ञापन
समीक्षा करते डीएम  | Prabhat Khabar Network

समीक्षा करते डीएम

अरवल डीएम अमृता बैंस ने नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. राजस्व वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया गया.

विज्ञापन

Arwal News: जिला पदाधिकारी अमृता बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में नीलाम पत्रवाद से संबंधित सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

जिले में कार्यरत हैं 34 नीलाम पत्र पदाधिकारी

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान ने बताया कि अरवल जिले में कुल 34 नीलाम पत्र पदाधिकारी कार्यरत हैं. जिला पदाधिकारी ने विभागवार लंबित नीलाम पत्रवादों की गहन समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया.

अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश

डीएम ने सभी अधिकारियों को विभागवार लंबित मामलों का रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 से मिलान कर अभिलेखों को अद्यतन और त्रुटिरहित रखने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक लंबित मामले की नियमित समीक्षा की जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राजस्व वसूली प्रक्रिया को गति मिल सके.

लंबित बॉडी वारंट मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में लंबित बॉडी वारंट मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई. इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को निर्देश दिया गया कि सभी लंबित बॉडी वारंटों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र तामिला सुनिश्चित किया जाए. डीएम ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयास से लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जाना चाहिए.

नियमित निगरानी और प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की नियमित निगरानी करने तथा समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी. बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी, सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी, संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन