Jehanabad : पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Edited by MINTU KUMAR
Updated:
विज्ञापन

महेंदिया थाना क्षेत्र के प्रसाद बिगहा गांव के समीप सोन नहर पथ पर गुरुवार की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी

विज्ञापन

कलेर

. महेंदिया थाना क्षेत्र के प्रसाद बिगहा गांव के समीप सोन नहर पथ पर गुरुवार की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसकी बहन और गोद में मौजूद मासूम बच्चा बाल-बाल बच गये. मृतक की पहचान करपी थाना क्षेत्र के बख्तारी गांव निवासी कन्हैया कुमार (30 वर्ष) के रूप में की गयी है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सोन नहर कैनाल पथ को जाम कर दिया और मुआवजे व प्रशासनिक कार्रवाई की मांग करने लगे. देर शाम तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जानकारी के अनुसार कन्हैया कुमार अपनी बहन को उसके ससुराल पूरा कोठी (कलेर थाना क्षेत्र) छोड़ने जा रहा था. उसकी बहन कुछ दिन पहले अपने मायके बख्तारी में बच्चे के जन्मोत्सव में शामिल होने आयी थी.

कार्यक्रम के बाद वह बहन और उसके छोटे बच्चे को बाइक से वापस छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान प्रसाद बिगहा के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और कन्हैया कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सबसे राहत की बात यह रही कि बाइक पर पीछे बैठी उसकी बहन और मासूम बच्चा सुरक्षित बच गये, हालांकि हादसे के बाद दोनों गहरे सदमे में हैं. भाई का शव देख बहन दहाड़ मारकर रोने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का परिचालन लगातार होता है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. बार-बार हादसे के बावजूद प्रशासन गंभीर नहीं है. जाम के कारण शादी-विवाह के मौसम में कई वाहन घंटों फंसे रहे और लोग पैदल भी निकलते नजर आये. सूचना पर महेंदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. पुलिस ने फरार पिकअप वैन और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन