Jehanabad : जलजमाव से नाराज ग्रामीणों ने वभना शकुराबाद मुख्य सड़क को किया जाम

Edited by MINTU KUMAR
Updated:
विज्ञापन

वभना-शकुराबाद मुख्य मार्ग स्थित परसबिगहा थाना क्षेत्र के पिंजौर गांव में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय के समीप मुख्य सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

रतनी. वभना-शकुराबाद मुख्य मार्ग स्थित परसबिगहा थाना क्षेत्र के पिंजौर गांव में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय के समीप मुख्य सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना था कि गांव जाने वाली सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना तो दूर, वाहनों से भी आवागमन मुश्किल हो गया है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों को विद्यालय जाने में काफी परेशानी होती है. इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से लेकर जिला पदाधिकारी तक आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले भी इसी समस्या को लेकर सड़क जाम किया गया था. उस समय बीडीओ और सीओ ने मौके पर पहुंचकर एक पखवाड़े के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था. जलनिकासी के लिए सड़क किनारे मिट्टी की खुदाई भी करायी गयी थी, लेकिन नाला निर्माण नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी रही. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. लग्न का मौसम होने के कारण छोटे-बड़े वाहनों के साथ ऑफिस जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जाम की सूचना मिलने पर परसबिगहा थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती एवं इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए. इसके बाद बीडीओ अनिल मिस्त्री, सीओ स्नेहा सत्यम तथा पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता धनंजय कुमार मौके पर पहुंचे. सीओ ने एक पखवाड़े के भीतर अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया. वहीं तत्काल जेसीबी लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था की गयी और खुदाई वाले स्थान पर ह्यूम पाइप डलवाया गया. पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि छह माह के भीतर नाला एवं पुल निर्माण का कार्य कराया जायेगा. इसके लिए प्राक्कलन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जायेगी. अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया.

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन