Jehanabad : झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, महिला की मौत के बाद सड़क जाम

Edited by MINTU KUMAR
Updated:
विज्ञापन

वाणावर हॉल्ट के समीप मंगलवार को एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

मखदुमपुर. वाणावर हॉल्ट के समीप मंगलवार को एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम कर प्रदर्शन किया. मामला झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराए जाने से जुड़ा बताया जा रहा है. सड़क जाम के कारण मखदुमपुर–वाणावर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया. मिली जानकारी के अनुसार डकरा पंचायत अंतर्गत साधु ग्राम निवासी संतोष मांझी की पत्नी ज्ञांती देवी की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे वाणावर हॉल्ट के समीप मुससी स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया था. बताया जाता है कि उक्त क्लिनिक में महिला का डिलीवरी ऑपरेशन किया गया, जिसमें बच्चे की मौत हो गयी. इसके बाद प्रसूता को घर भेज दिया गया। घर पहुंचने के कुछ समय बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे पुनः उसी निजी क्लिनिक में लेकर पहुंचे. स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने महिला को गया रेफर कर दिया. गया ले जाने के दौरान अथवा इलाज के क्रम में मंगलवार की सुबह महिला की मौत हो गयी. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के कारण महिला की जान गयी हैं. इसी आक्रोश में शव को मखदुमपुर-वाणावर मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया गया और दोषी डॉक्टर व निजी क्लिनिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गयी. मौके पर पहुंचे पंचायत के मुखिया जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला को प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल जाना चाहिए था, लेकिन एक आशा कार्यकर्ता द्वारा निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार अत्यंत गरीब है. सूचना मिलते ही मखदुमपुर थानाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद घंटों बाद जाम हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. ग्रामीणों ने अवैध निजी क्लिनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन