63.36 % वोटरों ने किया मतदान

Updated:
विज्ञापन

पंचायत चुनाव : मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में हुई वोटों की बारिश जहानाबाद/मखदुमपुर : चौथे चरण का पंचायत चुनाव जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन की कड़ी चौकसी और सुरक्षा के तगड़े प्रबंध के बीच कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. प्रखंड क्षेत्र के सभी 22 पंचायतों के 305 […]

विज्ञापन
पंचायत चुनाव : मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में हुई वोटों की बारिश
जहानाबाद/मखदुमपुर : चौथे चरण का पंचायत चुनाव जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में प्रशासन की कड़ी चौकसी और सुरक्षा के तगड़े प्रबंध के बीच कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
प्रखंड क्षेत्र के सभी 22 पंचायतों के 305 बूथों पर 63.36 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया. बूथों के आसपास व गांव में उपद्रव करने की कोशिश करने, अशांति फैलाने और वोटरों को बरगलाने के आरोप में 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया. जिसमें एक झारखंड पुलिस का जवान और तीन पोलिंग एजेंट शामिल हैं.
सभी गिरफ्तार लोगों को मखदुमपुर थाने लाया गया.एसपी आदित्य कुमार ने बताया कि पकड़े गये सभी लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है. मतदान के दौरान पूरे दिन मगध प्रमंडल के आयुक्त निलांग कुंगा, डीआइजी सौरभ कुमार के अलावा जहानाबाद के डीएम मनोज कुमार सिंह, एसपी आदित्य कुमार, एसडीएम, नवल किशोर चौधरी, एएसपी संजय कुमार सिंह, एएसपी अभियान अनिल कुमार सिंह सहित अन्य कई पदाधिकारी बूथों का जायजा लिया. जहां से भी अशांति या गड़बड़ी मचाने की सूचना अधिकारियों को मिल रही थी तो वहां त्वरित कार्रवाई करते हुए सशस्त्र बल पहुंच कर उपद्रवियों को खदेड़ा. भीषण गरमी के बीच भी मतदाता उत्साह से लबरेज थे और वे बूथों पर कतार में लग कर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे.
समाचार प्रेषण तक मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी बूथों पर 63.36 प्रतिशत मतदान की सूचना है. निर्धारित समय के बावजूद भी कुछ बूथों पर वोटरों की कतार लगी हुई थी जिन्हें वोट देने की इजाजत दी गयी. मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र में शाम चार बजे तक वोट डालने के लिए समय निर्धारित था. इस अवधि तक जितने भी मतदाता बूथों पर लाइन में खड़े थे उन्हें वोट देने के लिए प्रशासन के द्वारा परची दी गयी. मतदान के दौरान प्रारंभिक दौर में ही टेहटा मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय में गठित कुल आठ बूथों पर सुबह से ही वोटरों की लंबी कतार थी. यहां पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर बूथ के पास जमी भीड़ को पुलिस ने खदेड़ा.
यहां पर प्रतिनियुक्त जहानाबाद टाउन थाना के इंस्पेक्टर नागेंद्र सिंह ने कई असामाजिक तत्वों को खदेड़ भगाया. इस बीच एक मुखिया प्रत्याशी की भी पिटाई की गयी. अशांति मचाने की कोशिश करने के आरोप में यहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. उधर मंझोस पंचायत के कांदर गांव स्थित बूथ लूटने की कोशिश एक मुखिया प्रत्याशी के द्वारा की जा रही थी. जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया.
वहां रोड़ेबाजी हुई इसमें एक दंडाधिकारी को भी चोट लगी. पिपरा गांव के बूथ के समीप ग्रामीणों के दो गुटों के बीच झड़प होने की सूचना है. कचनामां पंचायत के कानूबिगहा में एक प्रत्याशी के द्वारा रुपये बांटने की सूचना पर ग्रामीण एकत्र हो गये और उस प्रत्याशी को खदेड़ भगाया. नेर गांव स्थित बूथ के पास नाहक भीड़ लगाये और धारा 144 का उल्लघंन करते लोगों को एसडीएम ने खदेड़ भगाया.
आंकोपुर गांव स्थित बूथ नंबर 199 और 200 पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा था. वहां निष्पक्ष ढंग से मतदान करा रहे एक मतदान कर्मी को चुनाव के बाद सबक सिखाने की धमकी दी गयी.
इसकी सूचना पाकर एसडीओ वहां पहुंचे और दो पोलिंग एजेंटों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया. सोलहंडा गांव स्थित बूथ पर अशांति फैलाने की कोशिश को प्रशासन ने विफल कर दिया. यहां से एक पोलिंग एजेंट और झारखंड पुलिस के एक जवान को हिरासत में लिया गया. एक बूथ पर पुलिस को ड्यूटी पर भी लापरवाही बरतते देखी गयी. बेरका गांव स्थित बूथ नंबर 247 पर प्रतिनियुक्त एक दारोगा ड्यूटी से इतर खैनी बनाने में मशगुल थे.
उनके साथ रहे सिपाही परची बांटते देखे गये. यह दृश्य ग्रामीणों के बीच हास्यास्पद बना हुआ था. उधर सूपी गांव स्थित मतदान केन्द्र के समीप हंगामा मचा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ भगाया.यहां कुछ उपद्रवी तत्वों ने एएसपी के अंगरक्षक पर पत्थर फेंक कर उपद्रव मचाने की कोशिश की लेकिन वहां तैनात पुलिस अधिकारी और एसएसबी के इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में जवानों ने उपद्रवी तत्वों पर हल्का लाठी चार्ज किया. और खदेड़ भगाया. इस स्थिति से कुछ देर के लिए मतदान बाधित हुआ जो फिर बाद में शुरू किया गया.
गरमी की वजह से बेहोश हो गये मतदानकर्मी
मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र के छरियारी गांव स्थित बूथ पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा था. इसी बीच अचानक एक मतदान कर्मी विश्वनाथ साव अचानक बेहोश हो गये. गरमी की वजह से वे गश खाकर बूथ पर ही गिर पड़े कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गयी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में लाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. बेहोश हुआ मतदान कर्मी झारखंड के डालटेनगंज के निवासी हैं और वे जहानाबाद में सिंचाई विभाग में चतुर्थ वर्गीय पद पर कार्यरत हैं.
अधिकांश बूथों पर महिला वोटरों की लगी थी लंबी कतार
प्रखंड क्षेत्र के कई बूथ ऐसे थे जहां सुबह से ही महिला वोटर मुखर थीं और मतदान करने के लिए लाइन में खड़ी थीं. इस बार के पंचायत चुनाव के दौरान पहला अवसर दिखा जहां सुबह से लेकर शाम तक महिला वोटरों की कतार लगातार बनी हुई थी. मध्य विद्यालय नेर के चार बूथों में से तीन बूथ ऐसे थे जहां पुरुषों से ज्यादा महिला मतदाताओं की भीड़ ज्यादा थी.
भीड़ की वजह से कई महिलाएं विद्यालय के सीढ़ी पर तो कुछ दीवार की छांह में बैठी थी. उमता गांव के दो बूथों पर भी चिलचिलाती दोपहर में केवल महिला वोटरों की संख्या थी. इसी तरह आंकोपुर, इंद्रपुर, टेहटा, बगवार, पकाही, मीराबिगहा स्थित बूथ पर महिला वोटरों में मतदान के प्रति व्यापक उत्साह देखा गया. बगवार में तो अपराह्न साढे़ तीन बजे तक 200 से अधिक महिला वोटर यहां के दो बूथों पर अपनी बारी आने के इंतजार में लाइन में खड़ी थीं. महिला वोटर शिकायत कर रही थी कि यहां सुबह से ही काफी धीमी गति से मतदान हो रहा है.
बुजुर्ग व दिव्यांग महिला वोटरों में भी दिखा वोट देने का जुनून
चौथे चरण के पंचायत चुनाव में अब तक के हुए चुनाव की अपेक्षा सर्वाधिक वोट पड़े हैं. तीसरे चरण के चुनाव तक वोट का प्रतिशत 58.86 तक ही था. लेकिन चौथे चरण के चुनाव में 63.36 वोटरों ने मतदान किया. जो अब तक के हुए चुनाव का सर्वाधिक प्रतिशत है.
चौथे चरण के चुनाव में मखदुमपुर प्रखंड के चुनाव में कई बुजुर्ग महिला, पुरुष वोटरों ने वोट डाले. अपने-अपने बेटे-बहु, नाती-पोते व भतीजे का सहारा लेकर बुजुर्ग मतदाता बूथ तक पहुंचे थे और मताधिकार का प्रयोग किया.
सुगांव पंचायत क्षेत्र के बगवार गांव स्थित बूथ नंबर 98 पर एक दिव्यांग युवती तारा प्रवीण बैशाखी के सहारे वोट देने आयी थी. इस दिव्यांग वोटर का मतदान के प्रति जुनून देख लोगों ने उन्हें सबसे आगे जाकर मतदान देने में मदद की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन