473 ग्राम संगठनों में संवाद, आठ हजार से अधिक आकांक्षाएं दर्ज

Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :09 May 2025 9:39 PM (IST)
विज्ञापन
473 ग्राम संगठनों में संवाद, आठ हजार से अधिक आकांक्षाएं दर्ज

जिले के सभी प्रखंडों में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से संचालित महिला संवाद कार्यक्रम अब एक नियमित कार्यक्रम से बढ़कर जन-आंदोलन का रूप ले चुका है.

विज्ञापन

जमुई. जिले के सभी प्रखंडों में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से संचालित महिला संवाद कार्यक्रम अब एक नियमित कार्यक्रम से बढ़कर जन-आंदोलन का रूप ले चुका है. जानकारी देते हुए डीपीआरओ भानु प्रकाश ने बताया कि इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी दिन-ब-दिन बढ़ रही है. सुबह और शाम दोनों पालियों में चल रहे संवाद कार्यक्रमों में अब तक हजारों महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले चुकी हैं. महिला संवाद के 22वें दिन शुक्रवार नौ मई तक जिले के 473 ग्राम संगठनों में संवाद आयोजित किया जा चुका है. इसमें अब तक आठ हजार से अधिक आकांक्षाएं सामने आयी हैं. संवाद कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज की छात्राएं भी भाग ले रही हैं.

कटौना में महिला संवाद कार्यक्रम में उमड़ी भीड़

बरहट प्रखंड की कटौना पंचायत अंतर्गत कटौना गांव में महासागर ग्राम संगठन के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सरकार की योजनाओं की जानकारी देने वाले लीफलेट के वितरण से की गई. साथ ही मुख्यमंत्री संदेश पत्र भी महिलाओं के बीच वितरित किया गया. एलईडी युक्त जागरूकता वाहन के माध्यम से महिलाओं को 45 मिनट की एक फिल्म दिखाई गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई थी. कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार और प्रखंड परियोजना प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार चौधरी मौजूद रहे. जिला परियोजना प्रबंधक श्री कुमार ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम महिलाओं को अपने परिवार, गांव और समुदाय की समस्याएं एवं आकांक्षाएं सामने लाने तथा विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने का एक प्रभावी मंच है.

छात्रा खुशी बनी प्रेरणास्रोत

कटौना फुलवरिया की छात्रा खुशी कुमारी ने कार्यक्रम में अपनी कहानी साझा की. उसने बताया कि उसने मैट्रिक प्रथम श्रेणी से पास किया है और साइकिल योजना, पोशाक योजना तथा मेधावी योजना का लाभ प्राप्त किया है. इससे उसे इंटर में दाखिला लेने में मदद मिलेगी. खुशी ने कहा कि पहले उसे इन योजनाओं की जानकारी नहीं थी. साइकिल योजना से उसे स्कूल जाने में सुविधा मिली और अब वह आगे पढ़ाई जारी रख पायेगी. उसने अन्य माताओं से अपील की कि वे भी अपनी बेटियों को स्कूल भेजें ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें.

प्रखंडों में मुखर हुई महिलाओं की आवाज

जिले के अन्य प्रखंडों में भी संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं और आकांक्षाएं खुलकर साझा कीं. लक्ष्मीपुर प्रखंड की महिलाओं ने प्रखंड मुख्यालय में कॉलेज की मांग की, ताकि बेटियां इंटर तक पढ़ाई कर सकें. चिन्वेरिया पंचायत में बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन से जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई. अलीगंज प्रखंड के मानपुर गांव में महिलाओं ने नर्सिंग और बीएड कॉलेज की मांग रखी, ताकि बेटियां शिक्षिका और नर्स बन सकें.

14 जून तक चलेगा महिला संवाद कार्यक्रम

18 अप्रैल से शुरू हुआ यह कार्यक्रम 14 जून तक जिले भर में चलाया जायेगा. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और गांव-टोले की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उन्हें समाधान की दिशा में ले जाना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन