छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप पर शिक्षक को स्कूल में दो घंटे तक बंधक बनाया, पुलिस ने कराया मुक्त

स्कूल में मामले की जांच करते पुलिस पदाधिकारी.
Jamui School News : जमुई जिले के खैरमा स्थित एक विद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक शिक्षक पर छात्राओं से गलत व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें दो घंटे तक स्कूल में बंधक बना लिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जांच शुरू की है.
Jamui School News : जमुई जिले के खैरमा स्थित एक विद्यालय में शनिवार को एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित गलत व्यवहार के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने शिक्षक को स्कूल के एक कमरे में करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शिक्षक को मुक्त कराया. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक मनोरंजन कुमार लंबे समय से छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार कर रहे हैं. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ शिक्षक अनुचित व्यवहार करते थे. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक को बनाया बंधक
आरोपों से नाराज ग्रामीणों ने शिक्षक को विद्यालय के एक कमरे में बंद कर दिया और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे. ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व में भी शिक्षक के खिलाफ इसी तरह की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति दोबारा उत्पन्न हुई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि प्रभात खबर इसकी पुष्टि नहीं करता है.
पुलिस ने पहुंचकर कराया हस्तक्षेप
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम विद्यालय पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया. करीब दो घंटे बाद शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस ने लोगों को कानून हाथ में नहीं लेने की सलाह दी और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. इसके बाद माहौल सामान्य हुआ.
शिक्षक ने आरोपों को बताया निराधार
शिक्षक मनोरंजन कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार हैं और विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर सच्चाई सामने लाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि बच्चों को अनुशासन में रखने के लिए कभी-कभी सख्ती करनी पड़ती है और आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों को भी बुलाया जाता है. शिक्षक ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गुलशन कश्यप
गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










