सोनो-चकाई मार्ग पर खड़े हाइवा से टकरायी बाइक, एक युवक की हालत गंभीर, पटना रेफर

विज्ञापन

सड़क पर खड़ा खराब हाइवा व घटना के बाद लगी भीड़. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Jamui Road Accident : जमुई जिले में एनएच-333 पर एक लावारिस हाइवा से टकराने के बाद बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है.

विज्ञापन

Jamui Road Accident : जमुई जिले के एनएच-333 सोनो-चकाई मार्ग पर औरैया के समीप शनिवार देर रात सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़े खराब हाइवा से उनकी बाइक टकरा गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की.

विज्ञापन

बीच सड़क पर खड़े हाइवा से टकराई बाइक

जानकारी के अनुसार, बटिया थाना क्षेत्र के दहियारी गांव स्थित तेलियादह टोला निवासी अजय यादव और विकास कुमार शनिवार रात बाइक से सोनो से अपने घर लौट रहे थे. औरैया के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक सड़क के बीच खड़े खराब हाइवा से जा टकराई. अचानक सामने वाहन आने के कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

एक युवक की हालत गंभीर, पटना किया गया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही सोनो थाना के एसआई राजेश्वर साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अजय यादव को पहले जमुई सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. वहीं दूसरे घायल विकास कुमार का इलाज जारी है.

ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब हाइवा शनिवार सुबह से ही सड़क के बीच खड़ा था, लेकिन देर रात तक उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई. सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि वाहन के पीछे न तो रेडियम इंडिकेटर लगाया गया था और न ही कोई अन्य चेतावनी संकेत, जिससे रात में आने-जाने वाले वाहन चालक सावधान हो सकें. ग्रामीणों ने इसे हादसे का मुख्य कारण बताया.

ग्रामीणों के विरोध के बाद हटाया गया हाइवा

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया. लोगों ने प्रशासन से बीच सड़क पर खड़े हाइवा को तत्काल हटाने की मांग की, ताकि दोबारा कोई हादसा न हो. पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए क्रेन की सहायता से शनिवार रात ही खराब हाइवा को सड़क के बीच से हटाकर किनारे करवाया. साथ ही घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन