एक जगह पर दो बोरिंग, घर में नहीं पहुंचा पानी
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 01 Mar 2026 9:15 PM
प्रखंड में सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना बदहाली, लापरवाही और कथित मनमानी की भेंट चढ़ते नजर आ रही है.
बरहट. प्रखंड में सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना बदहाली, लापरवाही और कथित मनमानी की भेंट चढ़ते नजर आ रही है. जिस योजना का सपना हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना था वही योजना आज ग्रामीणों के लिए लापरवाही का प्रतीक बनकर रह गयी है.बरियारपुर पंचायत के देवाचक 1 और 2 में हालात ऐसे हैं कि पाइप बिछायी गयी. स्टैंडपोस्ट खड़े किये गये, लेकिन नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं आयी. ग्रामीणों ने बताया की पिछले साल दुर्गा पूजा के वक्त संवेदक ने बोरिंग कर पाइपलाइन डाली ,ग्रामीणों के साथ फोटो खिंचवाई और फिर काम अधूरा छोड़कर गायब हो गया. तब से लेकर आज तक न काम पूरा हुआ, न पानी आया. लोगों का कहना है कि कागजों में योजना दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया. जबकि जमीनी सच्चाई सूखे नलों की तरह साफ है.वहीं कटौना पंचायत के वार्ड 10 में मामला और गंभीर है. वार्ड सदस्य संजीत कुमार ने खुलकर आरोप लगाया कि विभागीय टेंडर के अनुसार एक बोरिंग अक्षरा मन्नू यादव के घर के पास और दूसरा प्लस टू हाई स्कूल के पास होना था, ताकि करीब सौ घरों को पानी मिल सके. लेकिन संवेदक ने नियमों को ताक पर रखकर दोनों बोरिंग एक ही स्थान पर लगभग 100 मीटर के दायरे में करवायी. नतीजा स्कूल और आसपास की बस्ती के लोग योजना से पानी मिलने पर संकट छा गया है और अब उन्हें एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ सकता है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब ग्रामीणों ने इस गड़बड़ी की शिकायत की तो संवेदक ने कथित तौर पर संवेदक के अंदाज में जवाब दिया मेरी मर्जी है जहां चाहूं काम करूं. इस बयान ने ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि विभाग के द्वारा पूर्व में चयन किए गए स्थल पर ही बोरिंग करा कर पानी सप्लाई चालू कराया जाये. ग्रामीणों ने बताया कि जब इस मामले की जानकारी देने के लिए पीएचडी जेई को फोन किया गया, तो उन्होंने कॉल उठाना उचित नहीं समझा.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी एसके पांडेय ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. यदि ग्रामीण लिखित आवेदन देते हैं, तो जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










