लाभुक से अवैध राशि लेते आवास सहायक का वीडियो वायरल, मांगा स्पष्टीकरण

सोनो प्रखंड के नैयाडीह पंचायत का मामला
सोनो. प्रखंड अंतर्गत नैयाडीह पंचायत के ग्रामीण आवास सहायक सच्चिदानंद वर्मा पर प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने के बदले लाभुक से अवैध उगाही करने का आरोप लगा है. इससे जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है. इसमें उक्त आवास सहायक महिला लाभुक से राशि लेते दिख रहा है. हालांकि प्रभात खबर इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
वीडियो वायरल होने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी मो मोइनुद्दीन ने शनिवार को पत्र जारी कर ग्रामीण आवास सहायक सच्चिदानंद वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है. उन्होंने लिखा कि प्रथम दृष्टया वीडियो में आप लाभुक महिला से आवास योजना में नाम जोड़ने के लिए रुपये लेते दिख रहे हैं, जो अनुशासनहीनता का द्योतक है और मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा है. क्यों न इस कृत्य के लिए वरीय पदाधिकारियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर प्रतिवेदन भेजा जाये. आवास सहायक से दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है.उधर मामले में रुपये देने वाली महिला नैयाडीह निवासी बेबी देवी ने बताया कि आवास योजना में नाम जोड़ने के लिए आवास सहायक ने रुपये की मांग की थी. यह सोचकर कि घर बनाने की राशि मिल जाएगी, मैंने कर्ज लेकर उन्हें 500 रुपये दिए थे. उस वक्त वार्ड नंबर 6 की वार्ड सदस्य के पति अशोक यादव भी वहां मौजूद थे. मामले पर आवास सहायक की प्रतिक्रिया लेने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कई बार बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला. सरकारी योजना में ग्रामीण लाभुकों से अवैध राशि लिये जाने की लगातार सामने आ रही घटना से लोगों में रोष है. इधर बीडीओ मो मोइनुद्दीन ने स्पष्ट कहा कि जो गलत करेगा, उस पर कार्रवाई तय है.
अब तक दो आवास सहायक हुए बर्खास्त, फिर भी नहीं रुक रहा भ्रष्टाचार
सरकार की योजनाओं में किस कदर भ्रष्टाचार अपनी जड़ें गहराई तक जमा चुका है इसका उदाहरण प्रधानमंत्री आवास योजना में देखने को मिल रहा है. गरीब लाभुकों को बरगला कर अवैध राशि उगाही करने के आरोप में कई आवास सहायक घिरते रहे हैं और उनपर कार्रवाई भी होती रही है फिर भी भ्रष्टाचार नहीं रुक रहा है. नैयाडीह पंचायत का वीडियो वायरल होने से पहले भी दो पंचायतों में रिश्वत लेने के आरोप में दो आवास सहायक पर गाज गिर चुकी है और उन्हें बर्खास्त भी किया जा चुका है. विदित हो कि बीते माह ही बलथर पंचायत के आवास सहायक द्वारा लाभुक से अवैध रुपये लेते वीडियो व ऑडियो वायरल हुआ था जबकि कुछ माह पूर्व रजौन पंचायत के आवास सहायक पर भी ऐसे ही आरोप लगे थे. इसके बाद गंभीरता दिखाते हुए जांचोपरांत दोनों आवास सहायक को बर्खास्त कर दिया गया था. यह मामला अभी लोगों के जेहन से गया भी नहीं था कि अब नैयाडीह पंचायत का यह मामला सुर्खियों में आ गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




