ePaper

बाबा झुमराज मंदिर की सड़क पर होगी वन-वे यातायात की व्यवस्था

Updated at : 18 Mar 2025 9:28 PM (IST)
विज्ञापन
बाबा झुमराज मंदिर की सड़क पर होगी वन-वे यातायात की व्यवस्था

बटिया स्थित बाबा झुमराज मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती उपस्थिति को देखते हुए मंदिर कमेटी व्यापक तैयारी कर रही है.

विज्ञापन

सोनो. बटिया स्थित बाबा झुमराज मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती उपस्थिति को देखते हुए मंदिर कमेटी व्यापक तैयारी कर रही है. श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर कई तरह की योजनाएं धरातल पर उतारी जायेंगी. बुधवार से दर्शन और पूजन के लिए आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए समिति की ओर से कई कार्य किये जा रहे है. इसमें स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद भी ली जा रही है. मंदिर कमेटी के सचिव राकेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष लालू बरनवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए झुमराज स्थान मोड़ से कटहराटांड़ मार्ग तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की गयी है. भीड़ नियंत्रण के लिए स्थानीय पुलिस के साथ दो दर्जन महिला व पुरुष सेवादार भी मौजूद रहेंगे. ये सेवादार विधि-व्यवस्था बनाये रखने और भीड़ को नियंत्रित करने का काम करेंगे. मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गयी है. दंडवत करने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य द्वार से सीधा प्रवेश दिया जायेगा. गोती नदी की मुख्य धारा सूख जाने से कमेटी ने जेसीबी से खुदाई कर जल की व्यवस्था की है. साथ ही नदी के स्वच्छता को लेकर भी कार्य भी कराया जा रहा है. महिला श्रद्धालुओं के लिए नदी घाट पर अस्थायी चेंजिंग रूम और शौचालय बनाये गये हैं. जलापूर्ति के लिए टैंकर की व्यवस्था की गयी है. मंदिर परिसर और मंदिर के आसपास क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है. भीड़ में बिछड़े लोगों को आसानी से ढूंढा जा सके इसके लिए सूचना केंद्र बनाया गया है. विदित हो कि सोमवार को मंदिर में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी थी. इस कारण यातायात में लोगों को थोड़ी दिक्कत हुई थी. इस सप्ताह बुधवार और शुक्रवार को भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर कमेटी ने सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किया है. सुरक्षा और यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी रहेगी. समिति के लोगों ने बताया कि आगे अन्य कई कार्य किए जा रहे है जिससे श्रद्धालुओं को यहां सुविधा मिलेगी और उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन