जमुई में शराब से लदी तेज रफ्तार कार चाय दुकान में घुसी, 552 बोतल विदेशी शराब बरामद, चालक फरार

Updated:
विज्ञापन

दुर्घटनाग्रस्त कार व बरामद शराब के साथ मौके पर मौजूद गिद्धौर पुलिस.

गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर शराब तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे चाय की दुकान में जा घुसी, जिसके बाद पुलिस ने कार से 552 बोतल विदेशी शराब बरामद की। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

विज्ञापन

गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर मंगलवार देर रात शराब तस्करी का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब शराब से लदी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी. घटना पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास की है. हादसे के बाद ग्रामीणों की सूचना पर गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 23 कार्टून में रखी करीब 552 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.

तेज रफ्तार में दुकान में घुसी कार

बताया गया कि मंगलवार देर रात सफेद रंग की टाटा इंडिगो ईसीएस एलएस कार संख्या WB-02-AA4568 जमुई की ओर जा रही थी. पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे स्थित एक चाय दुकान में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान क्षतिग्रस्त हो गयी. हालांकि हादसे में दुकानदार बाल-बाल बच गया.

घटना के बाद चालक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गिद्धौर पुलिस को दी.

पुलिस ने पीछा कर कार को पकड़ा

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राशि मलिक ने मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी. इसके बाद उनके नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने कार को खदेड़कर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद वाहन की तलाशी ली गयी, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.

23 कार्टून में मिली 552 बोतल शराब

पुलिस के अनुसार कार से 23 कार्टून में रखी करीब 552 बोतल अंग्रेजी विदेशी शराब बरामद हुई है. इसमें रॉयल स्टैग, बी सेवन सहित विभिन्न ब्रांड की शराब शामिल है. शराब को कार में छिपाकर ले जाया जा रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद वाहन चालक के फरार होने से पुलिस उसकी तलाश में जुट गयी है. गिद्धौर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पुलिस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. बरामद शराब और वाहन के आधार पर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर सकती है.

डीएसपी ने पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को मिलने के बाद डीएसपी अभिषेक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा किया. फिलहाल पुलिस शराब तस्करी से जुड़े इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन