अड़सार गांव में नाले के पानी और गोबर को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, सात लोग घायल

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 11 May 2026 9:38 AM

विज्ञापन

घायल

जमुई के अड़सार गांव में रविवार रात नाले में पानी बहाने और रास्ते पर गोबर रखने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें सात लोग घायल हो गए. घटना के बाद घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस मौके पर पहुंचकर तनावपूर्ण स्थिति के बीच मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट: टाउन थाना क्षेत्र के अड़सार गांव में रविवार की देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में महिला और बच्चे सहित कुल सात लोग घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

नाले के पानी और रास्ते पर गोबर रखने का है विवाद

मारपीट की इस घटना का मुख्य कारण नाले में पानी बहाने और रास्ते पर गोबर रखने का विवाद बताया जा रहा है. पहले पक्ष की घायल शिया देवी का आरोप है कि उनके गोतिया (रिश्तेदार) चरित्र यादव द्वारा सार्वजनिक नाले में पानी बहाने से मना किया जा रहा था. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी. वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि रास्ते पर गोबर रखने से मना करने पर पहले पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया. दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट शुरू करने का आरोप लगा रहे हैं.

मारपीट में दोनों पक्षों के ये लोग हुए घायल

इस हिंसक झड़प में पहले पक्ष से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं. इनकी पहचान भारत यादव (65), उनके पुत्र गुलेश्वर यादव (30) व सियाशरण यादव (35), सियाशरण की पत्नी शिया देवी (30) और 12 वर्षीय पुत्र धर्मवीर कुमार के रूप में हुई है. वहीं, दूसरे पक्ष से चरित्र यादव के पुत्र पप्पू यादव (30) और सुरेश यादव के पुत्र धर्मेंद्र कुमार (22) घायल हुए हैं.

गांव में तनाव का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

देर रात घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. इस हिंसक झड़प के बाद से अड़सार गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस इलाके में सतर्कता बरत रही है.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन