यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना बनाएं : डीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है.
जमुई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है. इसी क्रम में मंगलवार को डीएम श्री नवीन लछुआड व कुंड घाट जलाशय परियोजना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, मंच, सुरक्षा व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, विभिन्न विभागों के विकासात्मक स्टॉल, बैरिकेडिंग और आवागमन मार्ग की स्थिति का भी जायजा लिया. उन्होंने अभियंताओं व संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाये. जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है और यह आम लोगों से जुड़ाव का भी अवसर होगा. ऐसे में आयोजन स्थल पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, समुचित प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध करायी जाये, ताकि आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर पूरे क्षेत्र में सख्त सुरक्षा प्रबंध करने का निर्देश दिया. साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना बनाने पर जोर दिया, ताकि वीआइपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े. स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने नगर पंचायत सिकंदरा और नगर परिषद जमुई के कार्यपालक पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और आसपास के मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी और विभागीय अभियंता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




