जमुई में जमीन विवाद में पहुंची डायल-112 टीम पर पिस्तौल तानने का आरोप, वायरल वीडियो के बाद एसपी ने शुरू कराई जांच

वीडियो में हाथ में पिस्तौल लिए पुलिस जवान की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
Jamui News : जमुई में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 पुलिस टीम पर पिस्तौल तानने और धमकाने का गंभीर आरोप लगा है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
Jamui News: जमुई शहर के सिरचंद नवादा मोहल्ले में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी पिस्तौल निकालकर युवक को धमकाता दिखाई दे रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं.
जमीन विवाद के दौरान बढ़ा विवाद, वीडियो हुआ वायरल
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को सिरचंद नवादा मोहल्ले में जमीन विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों तथा कुछ स्थानीय युवकों के बीच तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
सिरचंद नवादा निवासी पुरुषोत्तम कुमार ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन देकर डायल-112 टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आवेदन में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुश्तैनी जमीन पर बुलाया था. जब वह वहां पहुंचे तो कुछ अन्य लोग पहले से मौजूद थे. शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी नाक पर चोट लगी और खून बहने लगा.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर कमर से पिस्तौल निकालकर उन्हें जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है.
एसपी बोले- वीडियो और पूरे मामले की होगी जांच
इस मामले में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि वायरल वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ आक्रामक व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करते भी दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. वीडियो की सत्यता, दोनों पक्षों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और पुलिस के अगले कदम पर टिकी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गुलशन कश्यप
गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










