मरीजों की जगह दवा ढोती दिखी सरकारी एंबुलेंस, वायरल वीडियो पर उठे सवाल; स्वास्थ्य केंद्र ने दी सफाई

फोटो- एंबुलेंस में लदी दवाईयां | Prabhat Khabar Network
जमुई के बरहट से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीजों की जगह दवाइयों की ढुलाई में किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Jamui Health News: जमुई. बरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सरकारी एंबुलेंस में दवाइयों की ढुलाई होती दिखाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने एंबुलेंस के उपयोग को लेकर सवाल उठाए हैं.
वायरल वीडियो में एंबुलेंस में दिखीं दवाइयां
वायरल वीडियो में सरकारी एंबुलेंस के भीतर बड़ी मात्रा में दवाइयां रखी हुई दिखाई दे रही हैं. वीडियो बना रहे लोगों के सवाल पर एंबुलेंस चालक कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देता है कि बरहट स्वास्थ्य केंद्र के मैनेजर के निर्देश पर दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ने एंबुलेंस सेवा मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुरू की है. उनका कहना है कि यदि एंबुलेंस का उपयोग अन्य कार्यों में किया जाएगा तो जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाएगी, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन ने दी सफाई
बरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रबंधक जुही अलका ने बताया कि श्रावणी मेला को लेकर लगाए गए स्वास्थ्य कैंप के लिए दवाइयां भेजी जा रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र को बदनाम करने की नीयत से एक स्वास्थ्य कर्मी और एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो बनाकर वायरल किया है.
सिविल सर्जन से शिकायत की तैयारी
Jamui Health News: प्रबंधक ने कहा कि पूरे मामले की लिखित शिकायत सिविल सर्जन से की जाएगी. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










