बैंकों से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की मांग

जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी समस्याओं व आकांक्षाओं को सामने लाने के लिए मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
जमुई. जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी समस्याओं व आकांक्षाओं को सामने लाने के लिए मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जानकारी देते हुए डीपीआरओ भानु प्रकाश ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंडों के 22 गांवों में ग्राम संगठनों के माध्यम से सुबह और शाम की दो पालियों में संपन्न हुआ, जिसमें पांच हजार से अधिक महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की. बारिश के चलते मौसम सुहाना रहा, जिससे महिलाओं का उत्साह भी चरम पर रहा. कार्यक्रम में महिलाओं ने न सिर्फ अपने मन की बात साझा की, बल्कि समाधान सुझाने में भी पीछे नहीं रहीं.
सड़क तो बनी, पर नाले के अभाव में जलजमाव बरकरार
सोनो प्रखंड के पैरामटियाना पंचायत के भरतपुर गांव में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक अजय कुमार ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी. इस मौके पर महिलाओं को 45 मिनट की एक वीडियो फिल्म दिखाई गई, जिसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया. महिलाओं को मुख्यमंत्री का संदेश पत्र और योजनाओं से जुड़ा लीफलेट भी वितरित किया गया. भरतपुर गांव की रिंकू देवी ने वार्ड संख्या एक में सामुदायिक भवन की मांग रखी, वहीं हनुमान स्वयं सहायता समूह की इंदु देवी ने खपड़िया से मटियाना तक नाला निर्माण की आवश्यकता बतायी. उन्होंने कहा कि सड़क तो बनी है, लेकिन नाले के अभाव में जल-जमाव की समस्या बनी रहती है. महिलाओं ने सामूहिक रूप से स्वरोजगार के लिए बैंकों से कम ब्याज दर पर ऋण की मांग की. साथ ही छूटे हुए परिवारों के लिए शौचालय निर्माण की भी मांग उठायी गयी. औरैया गांव की तुलसी देवी ने स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण की आवश्यकता बताई, जिससे महिलाओं को लघु उद्योगों से जोड़ा जा सके. इस अवसर पर महिलाओं को नशामुक्ति, दहेज प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई.सरकारी योजनाओं की जानकारी देना उद्देश्य
गौरतलब है कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और गांव-टोले की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करना है, ताकि उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




