क्रिकेट के विवाद में दो पक्षों में झड़प, पथराव में एक दर्जन से अधिक घायल

तीन दिनों से गांव में बना हुआ है तनावपूर्ण माहौल, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
खैरा. थाना क्षेत्र के गोपालपुर में क्रिकेट खेलने के दौरान टॉस को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गये. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव व रोड़ेबाजी हुई. इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. बताया जाता है कि गुरुवार को क्रिकेट खेलने को लेकर बच्चों के बीच आपसी विवाद हो गया था. इसी दौरान कुछ बच्चों में मारपीट हुई थी. इसी को लेकर शनिवार सुबह दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए और करीब एक घंटे से अधिक समय तक पथराव किया. पथराव की इस घटना में गोपालपुर रामानी टोला निवासी रेखा देवी, नंदनी कुमारी, टुनटुन कुमार, झुनिया देवी, लक्ष्मी देवी, अभिषेक कुमार, विनोद राम, सौरभ कुमार, आकाश कुमार, चंदन ठाकुर सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. दोनों पक्ष की तरफ से ईंट पत्थर चलाये गये, जिसमें इन सभी के सिर में गंभीर चोटें आयी है तथा पुलिस के द्वारा इन सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा में भर्ती करवाया गया है. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव पसर गया है.
पुलिस ने स्थिति की नियंत्रित
बताया जाता है कि गुरुवार को उपजे विवाद को लेकर शनिवार सुबह से ही दोनों पक्ष के लोग आपस में कहासुनी कर रहे थे. देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गयी और मारपीट शुरू हो गयी. इस दौरान दोनों पक्ष के करीब 50 से भी अधिक लोग एक दूसरे पर पथराव करने लगे. करीब 1 घंटे तक चले इस झड़प में लोगों को गंभीर चोटें आयी. बाद में किसी के द्वारा इसकी सूचना खैरा पुलिस को दी गयी तथा मौके पर पहुंची खैरा पुलिस की टीम ने स्थिति को नियंत्रण में लिया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया है. थानाध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पंचायत से सुलह करने का भी हुआ प्रयास
बताते चलें कि पांच जून को गोपालपुर गांव के ठाकुर टोला और रमानी टोला के बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था. उस दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था. लेकिन अगले दिन 6 जून को फिर से दोनों पक्षों में झड़प हो गयी. इसके बाद मामला ग्राम पंचायत तक पहुंचा तथा 6 जून की शाम दोनों पक्ष के लोगों की बैठक करवा कर मामले में समझौता करवाने का प्रयास किया गया, पर बात नहीं बन सकी थी. शनिवार को भी इस मामले में पंचायत होनी थी तथा इसके लिए शाम का वक्त तय किया गया था. इससे पहले सुबह ही दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गये और मारपीट की वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है तथा मौके पर पुलिस की प्रतिनियुक्ति भी की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




