राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जमुई में जिला स्तरीय समारोह, डीएम बोले- जनसेवा और विकास रहेगा सर्वोच्च लक्ष्य

फोटो- दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
जमुई जिले में राज्य सरकार के 100 दिनों का जश्न मनाया गया। जिलाधिकारी नवीन ने जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और जिले के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर हेली टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाओं का भी खुलासा किया गया।
Jamui Governance: जमुई जिला संवाद कक्ष में शनिवार को राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन, अपर समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित सभी वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा. इस दौरान सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया.
डीएम ने विकास और जनसेवा को बताया प्राथमिकता
जिलाधिकारी नवीन ने कहा कि पिछले 100 दिनों में जन-समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने समर्पित भाव से कार्य किया है. उन्होंने कहा कि सरकार के नेतृत्व में मिली उपलब्धियां विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव हैं और आगे भी जिले के सर्वांगीण विकास तथा आम लोगों की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.
हेली टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
डीएम ने बताया कि कुंड घाट के समीप स्थायी हेलीपैड का निर्माण कर जमुई को बिहार सरकार की हेली टूरिज्म योजना से जोड़ा जाएगा. साथ ही जैन सर्किट और रामायण सर्किट के तहत गिद्धेश्वर वन क्षेत्र एवं लछुआर के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को स्थानीय संस्कृति, खान-पान और पर्यटन से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
स्मारिका का विमोचन, लाभुकों और मेधावियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने "जमुई सेवा, समर्पण और संकल्प के 100 दिन" शीर्षक विशेष स्मारिका का विमोचन किया. समारोह में जमुई अंचल के 27 भूमिहीन एवं अत्यंत निर्धन परिवारों को वासभूमि का आधिकारिक पर्चा प्रदान किया गया. वहीं आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी पांच लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों एवं युवा खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया.
सुशासन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
Jamui Governance: जिला प्रशासन ने इस आयोजन को नई सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का प्रतीक बताते हुए कहा कि आगे भी जनसेवा, पारदर्शिता और विकास के लक्ष्य के साथ कार्य जारी रहेगा. अधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










