झाझा में बारिश का कहर: करमा के पास बह गया पुलिया का एप्रोच पथ; नरगंजो स्टेशन व NH-333A का संपर्क कटा
टूटा सड़क | Prabhat Khabar Network
जमुई के झाझा में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. करमा गांव के पास पुलिया का एप्रोच पथ बह जाने से दर्जनों गांवों का मुख्य सड़क और रेलवे स्टेशन से संपर्क टूट गया है. ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
जमुई, झाझा. बीते शनिवार शाम हुई बारिश के बाद करमा गांव के समीप पुलिया का एप्रोच पथ तेज पानी के बहाव में कटकर बह गया. इससे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित ग्रामीण सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है. सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है. पुलिया के पास पर्याप्त सुरक्षात्मक और जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से सड़क कटाव ने निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. क्षतिग्रस्त स्थल पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से निर्मित यह सड़क करमा, घोरमारा, पीपरा, जुड़पनिया, ढेकियो, ठेलपत्थर, मयूरनचा और पांती समेत आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से ग्रामीण नरगंजो रेलवे स्टेशन और एनएच-333ए तक पहुंचते हैं.
सड़क का संपर्क बाधित होने से दैनिक यात्रियों, स्कूली बच्चों, मरीजों और कामकाज के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि नरगंजो रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए यह प्रमुख मार्ग है. सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद स्टेशन और मुख्य सड़क तक पहुंचना मुश्किल हो गया है.

पुलिया के पास सुरक्षात्मक व्यवस्था नहीं होने से बढ़ा कटाव
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पहले से ही जर्जर स्थिति में थी. पुलिया के समीप बारिश के पानी के तेज बहाव को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षात्मक व्यवस्था नहीं होने के कारण एप्रोच पथ का हिस्सा कट गया. इसके बाद सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया.
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और पुलिया के आसपास सुरक्षात्मक कार्य कराया जाता तो सड़क को इस स्थिति से बचाया जा सकता था. बारिश जारी रहने पर कटाव और बढ़ने की आशंका भी जतायी गयी है.
सामाजिक कार्यकर्ता ने तत्काल निरीक्षण की मांग की
क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता कार्तिक कुसुम यादव ने कहा कि यह मार्ग दर्जनों गांवों को नरगंजो रेलवे स्टेशन और मुख्य सड़क से जोड़ता है. संबंधित विभाग को तत्काल स्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने के साथ पुलिया के आसपास सुरक्षात्मक कार्य कराना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है. ऐसे में आवागमन को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल अस्थायी और स्थायी दोनों स्तर पर उपाय जरूरी हैं.

ग्रामीणों ने बालू की बोरी और बोल्डर पिचिंग की मांग की
क्षतिग्रस्त स्थल पर पहुंचे करमा गांव के शिवलाल टुडू, दिलीप बास्के, शिक्षक विकास कुमार, दिनेश यादव, चिंटू कुमार तथा मयूरनचा के राजू बास्के समेत अन्य ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग की.
ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल कटाव स्थल पर बालू की बोरियां और बोल्डर पिचिंग कराकर एप्रोच पथ को सुरक्षित किया जाना चाहिए. इसके बाद स्थायी रूप से सड़क की मरम्मत करायी जाए. साथ ही पुलिया के आसपास बेहतर जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गयी.
ग्रामीण कार्य विभाग ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि भूषण कुमार ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है. जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कराया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए