जमीन विवाद में महिला को ईंट से पीटा

Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन

पीड़ित सदर अस्पताल में भर्ती

Jamui Woman Injured: जमुई के अलीगंज प्रखंड अंतर्गत घंटा बांध गांव में बुधवार सुबह पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ. आंगन में काम कर रही मनिता देवी पर उनके भैसूर गरीब यादव और अन्य लोगों ने छत से ईंट-पत्थरों की बौछार कर दी. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण लहूलुहान महिला को 112 नंबर पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस पीड़ित के बयान पर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

विज्ञापन
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट

Jamui Woman Injured:जमुई जिले में  रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के घंटा बांध गांव में बुधवार की सुबह एक महिला पर उसके ही अपनों ने जानलेवा हमला कर दिया. जब पूरा गांव अपने रोजाना के कार्यों में व्यस्त था, तब पुरानी रंजिश और जमीन के एक टुकड़े के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि पड़ोस में रहने वाले भैसूर ने अपनी ही भावो (भी की पत्नी) पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे लहूलुहान हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आंगन में काम कर रही महिला पर छत से भैसूर ने इट पत्थर से किया हमला 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि घंटा बांध गांव निवासी स्वर्गीय लालबिहारी यादव की पत्नी मनिता देवी बुधवार की सुबह अपने घर के आंगन में रोजमर्रा का काम कर रही थीं. मनिता को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी छत के ऊपर मौत उसका इंतजार कर रही है. मनिता का अपने ही भैसूर गरीब यादव के साथ काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था. इसी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे भैसूर गरीब यादव और उसके साथ आए अन्य लोगों ने अचानक छत से आंगन में काम कर रही मनिता पर भारी ईंट और पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया.

सिर पर लगी चोट,आरोपी हुए फरार 

छत से अचानक हुए इस पथराव में मनिता देवी खुद को संभाल नहीं पाईं. ईंट सीधे उनके सिर पर जा लगी, जिससे उनका सिर फट गया और वे वहीं आंगन में खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख हमलावर छत के रास्ते मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल महिला को संभालने की कोशिश में जुट गए.

112  की पुलिस बनी मददगार, सदर अस्पताल में चल रही है इलाज 

वारदात की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 नंबर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अत्यधिक खून बह जाने के कारण तड़प रही मनिता देवी को तुरंत वाहन में बिठाया और इलाज के लिए जमुई के सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल के डॉक्टरों ने  बताया कि  महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और टांके लगाए गए हैं. इधर, सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल मनिता देवी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

Read Also संघर्ष को सलाम : ठेला चलाने वाले मजदूर की बेटी बनी बिहार पुलिस की सिपाही

विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन