Bihar: पति ने बेवफा पत्नी को अपनाया तो बैठी पंचायत, दंपति को अर्धनग्न करके ढोल-बाजे के साथ गांव में घुमाया

Updated at : 05 Sep 2024 7:22 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar: पति ने बेवफा पत्नी को अपनाया तो बैठी पंचायत, दंपति को अर्धनग्न करके ढोल-बाजे के साथ गांव में घुमाया

Bihar: जमुई जिले में अपने प्रेमी के साथ भागी पत्नी को लौटने पर पति ने अपनाया तो पंचायत ने उसे दंड दिया. दोनों को अर्धनग्न करके पूरे गांव में घुमाया गया.

विज्ञापन

Bihar News: जमुई जिले के झाझा प्रखंड के एक गांव की एक घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया. कथित तौर पर गैर मर्द से संबंध रखने के एक मामले में महिला को पंचायत ने सजा दी. महिला के साथ-साथ उसके पति को अर्धनग्न अवस्था में चप्पल-जूता की माला पहनाकर ढोल-बाजे के साथ गांव में घुमाया गया. इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आयी. घटना को लेकर 12 लोगों व अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया है.

आरोपितों के घर पर पुलिस ने दबिश दी, गांव छोड़कर भागे

एक दंपती के साथ हुए इस आमनवीय व्यवहार के मामले में पुलिस आरोपितों के विरुद्ध कड़ा रुख अख्तियार किये हुए है. आरोपितों के घर पर पुलिस ने दबिश दी, तो सभी ने गांव छोड़ दिया. कोई अपने रिश्तेदार के यहां, तो कोई दूसरे प्रदेश चले गये हैं. पुलिस कार्रवाई से गांव के लोग सहमे हुए हैं. पीड़ित दंपती अपने घर पर रह रहे हैं.


क्या है पूरी घटना ?

पिछले करीब ढाई वर्षों से गांव की एक शादीशुदा महिला का पड़ोस के शादीशुदा पुरुष के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. महिला तीन बच्चों की मां है. दूसरी ओर पुरुष भी चार बच्चों का पिता है. आरोप है कि दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी ग्रामीणों को थी. महिला को कई बार प्रेमी के साथ देखा गया. पराये पुरुष के साथ संबंध की जानकारी होने के बाद भी महिला का पति अपनी पत्नी को अपनाये हुए है. ग्रामीणों का आरोप है कि पांच दिन पहले महिला और उसका प्रेमी घर से फरार होकर पटना चले गये. इस दौरान दोनों ने कोर्ट में शादी रचा ली. दो सितंबर को महिला अपने प्रेमी के साथ लौटी. शादीशुदा पराये पुरुष के साथ शादी करने के बाद भी महिला को उसके पति ने अपने घर में रखा. यही बात ग्रामीणों को नागवार गुजरी. ग्रामीण आक्रोशित हो गये. उसी रात पंचायत बुलायी गयी. इसमें गांव के अधिकांश लोग शामिल हुए. महिला व उसके पति को भी बुलाया गया. ग्रामीणों ने कहा कि महिला के कारण गांव का वातावरण खराब हो रहा है. समाज पर बुरा असर पड़ रहा है. बार-बार महिला व उसके प्रेमी को समझाने का प्रयास किया गया, पर दोनों नहीं मान रहे.

पंचायत में ग्रामीणों ने पति से महिला को छोड़ने को कहा

पंचायत में ग्रामीणों ने महिला के पति को कहा कि उसकी पत्नी का गैर मर्द के साथ अवैध संबंध रहा है. उसकी पत्नी पांच दिनों तक गैर मर्द के साथ बाहर रही है. कोर्ट में प्रेमी से शादी रचा ली है, तो फिर उसे घर में शरण क्यों दी? पंचायत ने पति से महिला को छोड़ने को कहा. महिला के पति ने पंचायत के निर्णय का विरोध कर दिया. उसने पत्नी को घर से निकालने से मना किया. इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये. ग्रामीणों ने महिला व उसके पति को चप्पल-जूता की माला पहनाकर ढोल-बाजे के साथ गांव में घुमाने का निर्णय लिया. फिर रात दस बजे से बारह बजे तक दो घंटे तक महिला व उसके पति को ढोल-बाजे के साथ पूरे गांव में घुमाया गया. इस तरह की सजा से ग्रामीण गांव की बहू-बेटियों को संदेश देना चाह रहे थे कि अवैध संबंध का क्या अंजाम हो सकता है? ग्रामीणों को यह नहीं पता था कि इस दौरान जो वीडियो बन रहा है, वह वायरल हो जाएगा और पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करेगी.

पुलिस के पहुंचने पर गांव में दिखा केवल महिलाओं का झुंड

बुधवार को गांव में पुलिस वाहन के प्रवेश करते ही अधिकांश लोग अंडरग्राउंड हो गये. पंचायत में शामिल लोग गांव में नहीं दिखे. कुछ महिलाओं ने दबी जुबान से ऐसी घटना नहीं घटने की बात कही. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इस महिला के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा था. हर घर में महिला और प्रेमी की चर्चा आम बात हो गयी थी. इससे गांव में ऐसी घटना की वृद्धि होने की आशंका दिखने लगी थी. दंपती के साथ हुई घटना से गांव में ऐसी घटना का दोहरा नहीं होगा. गांव में पुरुषों की संख्या कम रहने पर महिलाओं ने बताया कि पुलिस कई लोगों को खोज रही है. इसके कारण कई लोग बाहर निकल गये हैं.

मुझे व मेरे निर्दोष पति को अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया : पीड़ित महिला

पीड़ित महिला ने कहा कि समाज ने मुझे बदनाम कर दिया. लोग हमसे बात नहीं कर रहे हैं. मेरी गलती क्या है. इसके पहले भी गांव में ऐसी कई घटना घट चुकी है. फिर मेरे साथ इस तरह का व्यवहार किया गया. महिला ने प्रेमी के साथ रहने की बात कही. उसका प्रेमी अभी फरार चल रहा है. हालांकि, महिला ने प्रेमी से बात होने की बात कबूल की. कहा कि जब समाज के लोगों ने कोर्ट मैरिज का कागज देख लिया और हमने पूरी बात कह दी. इसके बावजूद ग्रामीणों ने मुझे व मेरे निर्दोष पति के साथ अमानवीय व्यवहार क्यों किया? ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. उसने कहा कि आठ बजे रात से लेकर 11 बजे रात तक अर्धनग्न कर मुझे और मेरे पति को पूरे गांव में घुमाया गया. किसी ने विरोध नहीं किया. सभी मोबाइल में वीडियो बनाते रहे और गलत बात करते रहे. मैं रोती-गिड़गिड़ाती रही, लेकिन किसी ने मेरी बात नहीं सुनी. इधर, महिला का प्रेमी, जो पहले से शादीशुदा और चार बच्चों का पिता है, ने महिला को साथ रखने से इनकार कर दिया है.

बोले थानाध्यक्ष…

पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपितों की खोज की जा रही है. गांव में चौकीदार को तैनात किया गया है
संजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन