जमुई में घर के बाहर खेल रहा था 8वीं का छात्र, अचानक हुआ लापता
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 22 May 2026 3:19 PM
सांकेतिक तस्वीर
Jamui Missing Boy: “शाम तक लौट आएगा…” सोचते रहे परिजन, लेकिन 18 मई से लापता है जमुई का 8वीं का छात्र शिवम
Jamui Missing Boy: जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट: जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित लोहरा गांव से आठवीं कक्षा के एक छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है. घर के बाहर खेल रहा छात्र अचानक गायब हो गया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो टाउन थाना में आवेदन देकर बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई गई है.
घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हुआ शिवम
थाना में दिए आवेदन के अनुसार लोहरा गांव निवासी सुगनी देवी ने बताया कि उनका पुत्र शिवम कुमार 18 मई की शाम घर के सामने खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक कहीं चला गया और फिर वापस नहीं लौटा. देर रात तक इंतजार के बाद परिवार वालों की चिंता बढ़ गई और पूरे गांव में खोजबीन शुरू की गई.
परिजनों ने बताया कि शिवम आठवीं कक्षा का छात्र है और स्वभाव से शांत लड़का है. उसके अचानक गायब हो जाने से घर में मातम जैसा माहौल बन गया है.
मजदूरी करने बाहर गये पिता, खबर मिलते ही टूटा परिवार
शिवम के पिता बिरेंद्र महतो दूसरे राज्य में मजदूरी का काम करते हैं. बेटे के लापता होने की सूचना मिलते ही परिवार पूरी तरह टूट गया. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी बच्चे की तलाश में परिवार का सहयोग कर रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि शिवम कभी बिना बताए कहीं नहीं जाता था. ऐसे में उसके अचानक गायब होने से सभी लोग परेशान और चिंतित हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच, तलाश जारी
इधर टाउन थाना पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की तलाश कर रही है और संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है.
परिजन अब भी इस उम्मीद में हैं कि शिवम जल्द सकुशल घर लौट आएगा. गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










