खेलने के दौरान कुएं में गिरा चार वर्षीय मासूम, मौत

गांव में पसरा मातम
खैरा. थाना क्षेत्र के खड़हुई गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कुएं में गिरने से एक मासूम की मौत हो गयी. मृतक की पहचान विनय यादव के चार वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है. घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, अंकुश घर के समीप खेल रहा था, जबकि उसकी मां पास के खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक खुले कुएं के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया. कुछ देर तक किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी. जब काफी देर तक अंकुश घर के आसपास नहीं दिखा, तो उसकी मां और परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद गांव में खोजबीन शुरू की गयी. इसी दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई कि बच्चा कुएं में गिर गया है. स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल कुएं में उतरकर बच्चे को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में खैरा सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जैसे ही यह खबर गांव में फैली, माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर जुट गये. ग्रामीणों ने बताया कि जिस कुएं में बच्चा गिरा, वह काफी समय से खुला हुआ था और उसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं था. लोगों का कहना है कि यदि कुआं ढंका होता या उसके चारों ओर घेराबंदी होती, तो शायद यह हादसा टल सकता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




