अमारी गांव में नल-जल योजना सफेद हाथी साबित, 4 साल बाद भी नहीं मिला पानी

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 13 May 2026 11:04 AM

विज्ञापन

अमारी गांव के वार्ड नंबर 9 में बंद पड़ी नल-जल योजना की पानी टंकी

जमुई के अमारी गांव में चार साल पहले लगी नल-जल योजना अब तक धूल फांक रही है, जिससे ग्रामीण प्यासे रहने को मजबूर हैं. नाला और शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

विज्ञापन

जमुई से राहुल सिंह की रिपोर्ट. जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत अमारी गांव (वार्ड नंबर 9) में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना की पोल खुलती नजर आ रही है. यहाँ नल-जल योजना का लाभ ग्रामीणों को आज तक नहीं मिल पाया है. वर्ष 2020 में पानी टंकी और पाइपलाइन का काम शुरू तो हुआ, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी लोगों के घरों तक एक बूंद पानी नहीं पहुँच सका है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

योजना सिर्फ कागजों तक सीमित, पाइप भी हुए क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि यह महत्वपूर्ण योजना सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई है. गांव के कुछ हिस्सों में जो पाइपलाइन बिछाई गई थी, वह देखरेख के अभाव में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. वहीं, आंधी-तूफान के कारण टंकी और मोटर के भी खराब होने की आशंका है. विभाग की इस उदासीनता के कारण सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है और जनता प्यासी है.

पेयजल के साथ जल निकासी की भी बड़ी समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सबसे बड़ी समस्या जल निकासी के लिए नाले का अभाव है. नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और लोगों के घरों में घुस जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि नल-जल योजना चालू हो भी गई, तो बिना नाले के गांव की स्थिति और भी नारकीय हो जाएगी.

गर्मी में बढ़ी मुश्किलें, ताने सुनने को मजबूर हैं गरीब

भीषण गर्मी में पेयजल संकट और गहरा गया है. निजी चापाकल वाले परिवार तो किसी तरह गुजारा कर रहे हैं, लेकिन गरीब परिवारों को पानी के लिए दूसरों के घरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जहाँ उन्हें अक्सर ताने भी सुनने पड़ते हैं. ग्रामीण कांग्रेस तांती ने बताया कि 2020 में टंकी लगी थी, पर आज तक पानी की एक बूंद नसीब नहीं हुई. वहीं जनार्दन तांती और ललन कुमार तांती ने कहा कि वार्ड के एक हिस्से में पानी मिल रहा है, जबकि दूसरे इलाके के लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं.

शीघ्र समाधान की मांग

ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि बंद पड़ी योजना को जल्द चालू किया जाए, खराब मोटर और पाइपों की मरम्मत हो तथा गांव में नाला निर्माण कराया जाए. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन