बेलाटांड़ पुल के समीप हाइवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 14 Apr 2026 10:08 PM
एनएच 333 सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर बेलाटांड़ पुल के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
सोनो. एनएच 333 सोनो-चकाई मुख्य मार्ग पर बेलाटांड़ पुल के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक युवक की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के सनकुरहा गांव निवासी राम जनम सिंह के पुत्र ऋषभ कुमार (25) के रूप में की गयी. घटना की सूचना मिलते ही बटिया थानाध्यक्ष सुजाता कुमारी, एसआई रामप्रकाश राम, एएसआई दिलीप कुमार पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुल के समीप पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान थोड़ी देर के लिए यातायात अवरुद्ध रहा. कार्रवाई पूरी होते ही यातायात सुचारू हो गया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये. घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि ऋषभ गिरिडीह जिले के बहुरियाडीह स्थित अपने मामा के घर से बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था. बेलाटांड़ पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. ठोकर लगते ही ऋषभ बाइक से कई फीट दूर जा गिरे. सड़क पर गिरे गंभीर रूप से घायल ऋषभ की मौत मौके पर ही हो गयी. घटना के बाद हाइवा चालक हाइवा को छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया और अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दिया. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे. जवान बेटे की इस अप्रत्याशित मौत से परिवार में कोहराम मच गया. घर और आसपास गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटना होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. दुर्घटना के बाद चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया. हाइवा को जब्त कर लिया गया है. यातायात पुलिस के साथ मिलकर जब्त वाहन की मदद से चालक की पहचान की जा रही है. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
सुजाता कुमारी, थानाध्यक्ष बटिया थाना.B
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










