जमुई में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर, डायल 112 ने पांच मिनट में पहुंचकर बचाई जान

सदर अस्पताल में इलाजरत घायल.
Jamui Road Accident : जमुई के हरनाहा चौक के पास सड़क हादसे में एक युवक की हालत गंभीर हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक को डायल 112 की टीम ने समय पर अस्पताल पहुंचाया. उसकी जान बचाने के लिए त्वरित कार्रवाई की गई.
Jamui Road Accident : टाउन थाना क्षेत्र के हरनाहा चौक के समीप गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर हुआ युवक
गुरुवार सुबह करीब चार बजे हरनाहा चौक के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. हादसे में गिद्धौर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी अमन भारद्वाज गंभीर रूप से घायल हो गए. वह नगर परिषद क्षेत्र के उझंडी मोहल्ले में अपने रिश्तेदार के यहां रहकर एक निजी एंबुलेंस चालक के रूप में कार्य करते हैं.
डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से पहुंचा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई. एएसआई मनोज कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. उस समय युवक की हालत इतनी गंभीर थी कि वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक कहां से आ रहा था और किस दिशा में जा रहा था. टाउन थाना पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके.
सीसीटीवी फुटेज से मिलेगी अहम कड़ी
पुलिस का मानना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकती है. डायल 112 टीम में एएसआई मनोज कुमार पासवान के साथ कांस्टेबल मुकेश कुमार, महिला कांस्टेबल रूपा कुमारी, करिश्मा कुमारी और चालक सुरेश महतो शामिल थे. समय पर पुलिस की कार्रवाई से घायल को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










