बिहार : ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक का अपहरण, तीस लाख मांगी फिरौती
जमुई :बिहार के जमुई में खैरा थाना क्षेत्र के बिहार ग्रामीण बैंक के झुंडों शाखा के प्रबंधक राजकुमार पासवान को बीते सोमवार देर शाम अपराधियों ने अगवा कर लिया है. सूत्रों की माने तो अपहरणकर्ताओं ने शाखा प्रबंधक की रिहाई के एवज में मंगलवार दोपहर परिजनों को फोन कर तीस लाख रुपया फिरौती की मांग […]
जमुई :बिहार के जमुई में खैरा थाना क्षेत्र के बिहार ग्रामीण बैंक के झुंडों शाखा के प्रबंधक राजकुमार पासवान को बीते सोमवार देर शाम अपराधियों ने अगवा कर लिया है. सूत्रों की माने तो अपहरणकर्ताओं ने शाखा प्रबंधक की रिहाई के एवज में मंगलवार दोपहर परिजनों को फोन कर तीस लाख रुपया फिरौती की मांग की है. हालांकि, इस बाबत पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
जानकारी के अनुसार शाखा प्रबंधक बीते सोमवार की शाम से लापता हैं. इस बाबत शाखा प्रबंधक के पुत्र राजदीप कुमार ने थाना में आवेदन देते हुए कहा कि उसके पिता बीते सोमवार की शाम पांच बजे बैंक से घर के लिये निकले थे. जब वह अपने नियत समय पर घर नहीं पहुंचे, तब हमने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, परंतु उनका सभी मोबाइल बंद मिले. राजदीप ने बताया कि उनका फोन बंद आने के बाद मैंने उनके सहकर्मियों तथा रिश्तेदारों से संपर्क किया. परंतु जब मेरे पिता का कुछ पता नहीं चला मंगलवार की सुबह परेशान परिजन ने खैरा थाना में आवेदन देकर पुलिस से गुहार लगायी है. इसके अलावा बैंक के वरीय अधिकारी को भी सूचना दी.
जानकारी के अनुसार सूचना पाते ही बिहार ग्रामीण बैंक के कई अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक व झाझा एसडीपीओ से मिलकर मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करने मांग की है. इसी बीच अपहरणकर्ता ने मंगलवार दोपहर शाखा प्रबंधक के पुत्र से फोन संपर्क कर रिहाई के एवज में तीस लाख फिरौती की मांग की है. घटना को लेकर अपहृत शाखा प्रबंधक के परिजन और बैंक कर्मी परेशानी हैं.
बरामद नहीं हो सकी है अपहृत की बाइक
बिहार ग्रामीण बैंक के झुंडों शाखा में कार्यरत शाखा प्रबंधक राजकुमार पासवान देवघर के निवासी हैं तथा प्रतिदिन ट्रेन से झुंडों आना-जाना करते हैं. उनके पुत्र ने बताया कि वह बैंक से प्रतिदिन अपनी बाइक से झाझा स्टेशन आते थे तथा अपनी बाइक वहीं पार्किंग में लगाकर ट्रेन से देवघर जाते थे. जिसके बाद पुनः अगली सुबह वह ट्रेन से उतरने के बाद वह अपनी बाइक लेकर बैंक जाते थे. परिजनों ने बताया कि वह अन्य दिन की तरह बीते सोमवार को भी 4:45 बजे कामकाज निबटाकर शाखा से निकले थे. परंतु इसी दौरान वह लापता हो गये.
बताते चलें की अपहृत शाखा प्रबंधक की बाइक घटना के बाद से ही गायब है और अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है. इधर आसपास के लोगों ने भी आसपास किसी भी तरह की संदेहास्पद स्थिति के बारे में इन्कार किया है. जिसके बाद अब यह मामला पेंचीदगी में पड़ता नजर आ रहा है.
सुनियोजित वारदात से नहीं किया जा सकता इन्कार
शाखा प्रबंधक के अपहरण मामले में हालांकि पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है, परंतु घटनाक्रम पर अगर नजर डालें तो सुनियोजित तरीके से प्लान किये गये वारदात से भी इन्कार नहीं किया जा सकता. देखा जाये तो ऐसी किसी भी घटना को अंजाम देने से पहले प्लानिंग किया जाना काफी आम है. इस मामले को लेकर पूरे प्रकरण में शाखा प्रबंधक का कोई जान-पहचान वाला की मिलीभगत से इन्कार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि घटना को 24 घंटे बीत जाने के उपरांत भी शाखा प्रबंधक की बाइक का कुछ भी पता नहीं चलना तथा बैंक के आसपास व स्टेशन जाने वाले रास्ते में किसी प्रकार की संदेहास्पद स्थिति का नहीं पनपना इसी ओर इशारा करता प्रतीत हो रहा है.
बताते चलें कि आसपास के किसी भी व्यक्ति ने बैंक के आसपास या उसके रास्ते में ऐसी कोई भी हलचल देखी है जिससे उन्हें किसी तरह का संदेह हो. फिलहाल पुलिस लापता शाखा प्रबंधक की मोबाइल डिटेल खंगाल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










