दूसरे दिन भी अशांत रहा जमुई, इंटरनेट सेवा ठप

Updated:
विज्ञापन

तोड़फोड़, आगजनी व फायरिंग, दो जख्मी सुबह पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निकलने के बाद फिर विस्फोटक हुआ माहौल उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों को किया आग के हवाले जमुई : जमुई शहर लगातार दूसरे दिन भी अशांत रहा. सोमवार की सुबह प्रशासन की मौजूदगी में धार्मिक जुलूस निकालने की कोशिश के बाद […]

विज्ञापन
तोड़फोड़, आगजनी व फायरिंग, दो जख्मी
सुबह पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निकलने के बाद फिर विस्फोटक हुआ माहौल
उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों को किया आग के हवाले
जमुई : जमुई शहर लगातार दूसरे दिन भी अशांत रहा. सोमवार की सुबह प्रशासन की मौजूदगी में धार्मिक जुलूस निकालने की कोशिश के बाद स्थिति फिर बिगड़ गयी. पहले तो पथराव शुरू हुआ और देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. लोग घरों में दुबक गये. उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की. दुकानों को आग के हवाले कर दिया. इस दौरान एक बार गोली चलने की भी आवाज सुनाई दी. गोली लगने से दो घायल हो गये जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है.
दूसरे दिन भी…
हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि गोली किसने चलायी. सुबह से शुरू हुआ उपद्रव दोपहर तक जारी रहा. इसके बाद पूर्व विधायक अजय प्रताप सहित वरीय पुलिस अधिकारी ने शहर में घूम-घूम कर माइकिंग से लोगों से शांति बरतने की अपील की.
शाम तक माहौल शांत हुआ लेकिन अंदर ही अंदर तनाव बना हुआ है. उपद्रव को देखते हुए जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी है. जिला प्रशासन ने मंगलवार को विद्यालय बंद रखने की घोषणा की है. पूरे शहर में सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गयी है. डीआइजी विकास वैभव खुद मॉनीटरिंग कर रहे हैं.
चिकित्सक के घर पर किया हमला, एसपी दौड़े सड़क पर
जिले के वरीय चिकित्सक डाॅ अरुण कुमार के घर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया. इस दौरान उपद्रवियों ने चिकित्सक के घर के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया तथा वाहनों के शीशे तोड़ दिये. स्थिति यह थी कि एसपी जयंतकांत खुद हाथों में डंडा लिए सड़क पर दौड़ते नजर आये. पुलिस एक मुहल्ले में उपद्रवियों को खदेड़ रही थी तो दूसरे मुहल्ले से किसी नयी घटना की खबर सामने आ रही थी. इसके बाद एसपी का काफिला उधर के लिए निकल जा रहा था.
छतों से शुरू की गयी पत्थरबाजी
रविवार की शाम डीआइजी विकास वैभव ने शांति समिति की बैठक में लोगों से शांति बरतने की अपील की. इसके बाद सोमवार की सुबह शहर में शांति व्यवस्था बना कर ताजिया जुलूस निकालने की कोशिश की गयी थी. इससे स्थिति फिर बिगड़ गयी तथा छतों से पत्थरबाजी शुरू हो गयी. शहर के महाराजगंज, महिसौड़ी, बोधवन तालाब, थाना चौक आदि मुहल्ले पूरी तरह से इस तनाव की चपेट में थे. आलम यह था कि सड़कों पर बोतल और पत्थर ही दिख रहे थे. लोग डर के मारे अपने घरों में कैद हो चुके थे.
उपद्रवियों ने डीएम पर भी बरसाये पत्थर
शहर के महाराजगंज इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी डाॅ कौशल किशोर को भी उपद्रवियों के रोष का सामना करना पड़ा. इस दौरान घर की छतों से उपद्रवियों ने जिलाधिकारी पर भी पत्थर बरसाना शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ते देख पुलिस उप महानिरीक्षक विकास वैभव खुद प्रोटेक्टर पहन बाजार में निकल पड़े उसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बल के जवानों ने उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू कर दिया. इसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका. उपद्रवियों ने शहर के कचहरी चौक स्थित जूते की एक शोरूम, बायपास रोड स्थित टायर की दुकान, गराज, हरनाहा चौक स्थित टायर शोरूम सहित कई अन्य दुकानों को अपना निशाना बनाया. उपद्रवियों ने इस दौरान उक्त सभी दुकानों को आग के हवाले कर दिया. जिस पर काबू पाने के लिए दिन भर अग्निशामक दस्ते की गाड़ियां इधर से उधर दौड़ती नजर आयी. दोपहर बाद जमुई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अजय प्रताप ने शहर में घूम-घूम कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की. शाम तक स्थिति थोड़ी शांत हुई लेकिन तनाव बरकरार है. शहर के हर इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. इस दौरान बिहार पुलिस, बीएमपी, सैप, एसएसबी, सीआरपीएफ के जवानों को शहर की सुरक्षा में लगाया गया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन