ePaper

Jamui News : 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

Updated at : 21 Jun 2024 10:18 PM (IST)
विज्ञापन
Jamui News : 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने से मरीजों को हुई परेशानी

विज्ञापन

जमुई.

बिहार राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में 102 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रही. सदर अस्पताल परिसर स्थित डीएस कार्यालय के समीप हड़ताल पर बैठे एंबुलेंस कर्मियों ने बताया कि गुरुवार की देर शाम सिविल सर्जन डॉ कुमार महेंद्र प्रताप हम लोगों से मिलने आये और बताया कि आप लोगों के एक माह के वेतन का भुगतान कर दिया गया है. लेकिन शुक्रवार की शाम तक भी हमलोगों के खाते में पैसा नहीं आया है. एंबुलेंस कर्मियों द्वारा बताया गया कि जब तक हमलोगों का सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे रहेंगे. मौके पर संघ के सचिव सुभाष कुमार, वाल्मीकि कुमार मंडल, नरेश यादव, चंद्रशेखर आजाद, सीताराम पंडित, अमित कुमार, सुभाष यादव, प्रवीण कुमार, सोनू कुमार पांडेय, सतीश सुमन, सतीश कुमार, मो शाहिद, तौकीद अहमद, मो असलम, पंकज कुमार, सूरज कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, विश्वकर्मा यादव, नंदन कुमार, वीरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, विनोद कुमार, अंकुश कुमार, कैलाश कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, नरेश कुमार, मनीष कुमार, विशंभर बाजपेयी, सुबोध सिंह, विजय राम, संजय टॉकीज मो इमरार, विकास कुमार, सूरज कुमार सहित अन्य चालक व ईएमटी मौजूद थे.

मरीजों को हुई परेशानी

102 एंबुलेंस कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से सदर अस्पताल इलाज कराने आये मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. शुक्रवार को लखय गांव निवासी रामदेव गोस्वामी की पत्नी चुनकी देवी को सांप ने डस लिया. परिजन द्वारा गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया. लेकिन 102 एंबुलेंस के हड़ताल पर चले जाने से मिथलेश कुमार के परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. थक-हार कर परिजन निजी वाहन से बाहर ले जाने को मजबूर दिखे. वहीं सदर अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता को घर जाने के लिए भी शुक्रवार को एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने पर उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा. मरीजों को हो रही इस परेशानियों के निदान को लेकर अस्पताल प्रबंधन द्वारा अबतक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है. इससे मरीजों के परिजनों में आक्रोश देखा जा रहा है.

कहते हैं प्रबंधक

इस संबंध में सदर अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि वार्ता चल रही है जल्द ही मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी.

एंबुलेंस कर्मचारियों की प्रमुख मांग

श्रम अधिनियम के तहत कर्मियों से कार्य लें, एंबुलेंस कर्मचारियों को अतिकुशल का वेतन भुगतान करें, एंबुलेंस कर्मचारियों का बीमा कराएं, श्रम अधिनियम के तहत छह सौ रुपये प्रतिदिन भुगतान करें, तीन माह का बकाया वेतन का भुगतान अविलंब करें, बकाया पीएफ का भुगतान अविलंब करें, कंपनी द्वारा काम से हटाये गये कर्मचारियों को पुनः बहाल करें, जिलेभर में कार्यरत चालक व टेक्नीशियन को नियुक्ति प्रमाण पत्र आईडी कार्ड श्रम अधीक्षक की उपस्थिति में दिया जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन