बिदुपुर तालाब मौत मामला: मृतक के भाई ने लगाया हत्या का आरोप, पत्नी समेत ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी की मांग

आवेदन के साथ मृतक का भाई
वैशाली के बिदुपुर के खरिका गांव में पोखर से मिले पिंटू सिंह के शव मामले में नया मोड़ आया है. मृतक के भाई ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और मोबाइल सीडीआर जांच की मांग की है.
Hajipur News: बिदुपुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव में 24 जुलाई को पोखर में डूबने से हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक के भाई ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.
भाई ने थाने में दिया आवेदन
मृतक 42 वर्षीय पिंटू सिंह मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित परिहारी गांव निवासी अवधेश प्रसाद सिंह के पुत्र थे. उनके भाई अमरेश कुमार सिंह ने बुधवार को बिदुपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि पिंटू सिंह की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव पोखर में फेंक दिया गया.
आवेदन में कहा गया है कि मृतक अपनी सास के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल आए थे. इसी दौरान कथित रूप से साजिश रचकर उनकी हत्या कर दी गई.
पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
अमरेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि मृतक की पत्नी मेघा देवी और ससुराल पक्ष के अन्य लोग पैतृक जमीन बेचने के लिए उन पर दबाव बनाते थे. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था और वह मृतक को लगातार प्रताड़ित करती थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी मेघा देवी, साला नितेश सिंह, सरहज रंभा देवी तथा अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या की है.
यूडी केस पर उठाए सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद पत्नी के आवेदन पर बिदुपुर थाना में यूडी केस दर्ज कर इसे डूबने से हुई मौत बताया गया. उनका कहना है कि परिवार के किसी सदस्य को घटना की सूचना तक नहीं दी गई.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी मुआवजा प्राप्त करने के उद्देश्य से लोगों को गुमराह कर यूडी केस के आवेदन पर गवाहों के हस्ताक्षर कराए गए.
मोबाइल सीडीआर जांच की मांग
मृतक के भाई ने प्रशासन से पिंटू सिंह और उनकी पत्नी के मोबाइल नंबरों का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालकर जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है.
पैर में रस्सी का निशान होने का दावा
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि जिस युवक ने तालाब से शव निकाला था, उसने बताया कि मृतक के पैर में रस्सी बंधे होने जैसा निशान दिखाई दे रहा था. परिजनों का कहना है कि पिंटू सिंह अच्छे तैराक थे और जिस तालाब में शव मिला, वह बहुत गहरा भी नहीं था. ऐसे में डूबने से मौत की बात संदेह पैदा करती है.
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










