हाजीपुर में युवक को घर के दरवाजे पर मारी दो गोलियां, बाइक लूटकर भाग रहे बदमाशों ने की फायरिंग

मौके पुलिस पदाधिकारी से जानकारी लेते हुए
हाजीपुर के कुतुबपुर डुमरी में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया. घटना से पहले बदमाशों ने एक बाइक भी लूटी थी। पुलिस जांच में जुटी है.
Hajipur News: वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र स्थित कुतुबपुर डुमरी गांव में मंगलवार देर रात अपराधियों ने तांडव मचाते हुए एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
बाइक लूटकर भाग रहे थे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से कुछ देर पहले तीन बाइक सवार बदमाशों ने सदर थाना क्षेत्र के अस्तीपुर के समीप एक व्यक्ति से हथियार के बल पर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली थी. बाइक लूटने के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए गांव के रास्ते भाग रहे थे. इसी दौरान कुतुबपुर डुमरी गांव में उन्होंने एक युवक को निशाना बना लिया.
दरवाजे पर मोबाइल देख रहा था युवक
घायल युवक की पहचान कुतुबपुर डुमरी निवासी अमरनाथ पासवान के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है. राहुल ने बताया कि वह अपने घर के दरवाजे पर लेटकर मोबाइल देख रहा था. तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे.
जांघ में लगी दो गोलियां, हालत गंभीर
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से राहुल कुमार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी बाईं जांघ में दो गोलियां लगी हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटनास्थल से मिला खोखा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि युवक को उसके घर के पास गोली मारी गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है.
इलाके में दहशत, पुलिस पर दबाव
एक ही रात में बाइक लूट और गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










