बिदुपुर में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटा, स्थानीय लोगों ने बढ़ती छिनतई पर जताई चिंता

घटनास्थल पर जुटी भीड़
बिदुपुर में दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया. पुलिस की कार्यशैली पर स्थानीय लोगों ने उठाए गंभीर सवाल.
Hajipur News: बिदुपुर थाना क्षेत्र के मायाराम हाट के निकट चकसिकंदर पथ पर गुरुवार को दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई. तीन उचक्कों ने एक महिला की गर्दन से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया और केला बागान की ओर भाग निकले.
पैदल जा रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार चांदपुरा सैदाबाद निवासी छोटेलाल सिंह की पुत्री सीमा देवी एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने मायके से पैदल मायाराम हाट की ओर जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए तीन उचक्कों ने उनकी गर्दन से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया.
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तीनों बदमाश तेजी से भागते हुए पास के केला बागान में घुस गए और फरार हो गए.
डायल 112 को दी गई सूचना
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. हालांकि पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से विशेष पूछताछ नहीं की और न ही आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में छिनतई और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है. कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इस तरह की घटनाओं में नशे के आदी युवक शामिल हो सकते हैं. उनका कहना है कि ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
पुलिस जांच की मांग
स्थानीय लोगों और पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. लोगों का कहना है कि बाजार और मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










