हाजीपुर: कौनहारा घाट मोक्षधाम का होगा आधुनिकीकरण, नगर परिषद की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले

Updated:
विज्ञापन
सशक्त स्थाई समिति की बैठक करती सभापति व अन्य  | Prabhat Khabar Network

सशक्त स्थाई समिति की बैठक करती सभापति व अन्य

हाजीपुर नगर परिषद की बैठक में कौनहारा घाट मोक्षधाम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का निर्णय लिया गया है. शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई.

विज्ञापन

Hajipur News: हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय में गुरुवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने की. बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए.

कौनहारा घाट मोक्षधाम का होगा आधुनिक विकास

बैठक में कौनहारा घाट स्थित मोक्षधाम को आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया. श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मोक्षधाम परिसर के सौंदर्यीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई. प्रस्तावित योजना के तहत बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, सुगम आवागमन, हरित वातावरण और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

आवारा पशुओं की समस्या के समाधान पर जोर

नगर परिषद क्षेत्र में आवारा और निराश्रित पशुओं की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. समिति ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने पर सहमति जताई.

खराब स्ट्रीट लाइटों की होगी मरम्मत

बैठक में नगर क्षेत्र में लगे ईईएसएल स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा की गई. खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया.

टूटे स्लैब बदलने और जलजमाव दूर करने की तैयारी

नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और नालों पर टूटे एवं क्षतिग्रस्त स्लैबों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा नए स्लैब लगाने पर भी चर्चा हुई. समिति ने शीघ्र मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया.

सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ, आधुनिक और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर उनका स्थायी समाधान किया जाएगा.

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार दास, उपसभापति कंचन कुमारी, सशक्त स्थायी समिति की सदस्य सुधा देवी, रंजीत कुमार, नगर प्रबंधक दीपक कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
मोहम्मद कैफ

लेखक के बारे में

By मोहम्मद कैफ

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन