दुमका में लूट की कोशिश नाकाम. विरोध करने पर ग्रामीण का हाथ तोड़ा, देवघर का युवक गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में अपराधी
दुमका के शिकारीपाड़ा में लूट का प्रयास कर रहे देवघर के एक युवक को ग्रामीणों ने रंगेहाथों पकड़ा. लूट का विरोध करने पर आरोपी ने एक ग्रामीण का हाथ तोड़ दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में लूट का प्रयास कर रहे देवघर निवासी एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना में लूट का विरोध करने पर आरोपी ने एक ग्रामीण का हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया. घायल ग्रामीण का इलाज कराया जा रहा है.
घटना शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसडंगाल कब्रिस्तान के समीप की है. जानकारी के अनुसार लोरीपहाड़ी गांव निवासी ताला बास्की सरसडंगाल बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र सिंह ने उनसे छीनतई का प्रयास किया.
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी को दबोचा
जब ताला बास्की ने लूट का विरोध किया तो आरोपी ने उनका हाथ जोर से मरोड़ दिया, जिससे उनका हाथ टूट गया. दर्द से कराहते हुए ताला बास्की ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद घटना की सूचना शिकारीपाड़ा थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले आयी.
स्टोन क्रशर प्लांट में करता था काम, शराब के नशे में था आरोपी
शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र सिंह देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह क्षेत्र में संचालित एक स्टोन क्रशर प्लांट में काम करने आया था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ें...
झारखंड के खूंटी में ACB की कार्रवाई, घूस लेते पकड़ी गईं महिला थाना प्रभारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए