झारखंड के खूंटी में ACB की कार्रवाई, घूस लेते पकड़ी गईं महिला थाना प्रभारी

खूंटी थाने में एसीबी की टीम और इनसेट में महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना. फोटो: प्रभात खबर
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने खूंटी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना प्रभारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. शिकायत के बाद जाल बिछाकर की गई इस गिरफ्तारी से भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश गया है.
खूंटी से चंदन कुमार की रिपोर्ट
ACB Action: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. उन्हें महिला थाने में ही 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. एसीबी ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

एसीबी के अनुसार, खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार ने ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनके खिलाफ अहर्ता थाना कांड संख्या-06/2025 दर्ज है. इस मामले की जांच के दौरान महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा ने केस में राहत दिलाने और जांच में सहयोग करने के बदले रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए.
साढ़े चार लाख रुपये की हुई थी मांग

परिवादी के अनुसार, थाना प्रभारी ने मामले में राहत देने के एवज में 4 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी. शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद ब्यूरो ने पूरी योजना के साथ ट्रैप की तैयारी शुरू की.
सत्यापन के बाद बिछाया गया ट्रैप

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने रांची थाना कांड संख्या-15/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज किया. इसके बाद विशेष ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई. गुरुवार को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त लेकर पहुंचा. जैसे ही थाना प्रभारी ने 50 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें: ACB की कछुआ चाल पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, सरकार से सीलबंद लिफाफे में मांगी स्टेटस रिपोर्ट
पूछताछ जारी, जुटाए जा रहे साक्ष्य

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसी रिश्वत से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या संलिप्तता तो नहीं है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड शराब टेंडर जांच में एक्शन: ACB ने पूर्व उत्पाद आयुक्त समेत तीन अधिकारियों को किया तलब
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
एसीबी ने आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया है. इस धारा के तहत किसी लोक सेवक द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ या रिश्वत मांगना अथवा स्वीकार करना दंडनीय अपराध है. जांच पूरी होने के बाद आरोपी को सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










