शिकारीपाड़ा कॉलेज में फिर बहाल हुआ होम सेंटर, छात्रों को अब दूर नहीं जाना पड़ेगा परीक्षा देने
शिकारीपाड़ा महाविद्यालय.
छात्रों की बड़ी जीत, शिकारीपाड़ा कॉलेज में होम सेंटर बहाल हुआ. अब परीक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, खर्च और परेशानी से मिलेगी राहत.
प्रतिनिधि, काठीकुंड: शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. विधायक आलोक कुमार सोरेन की पहल पर शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में एक बार फिर परीक्षा केंद्र यानी होम सेंटर बहाल कर दिया गया है. परीक्षा केंद्र की पुनर्बहाली से क्षेत्र के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी. इस फैसले से छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों में भी खुशी है.
होम सेंटर हटने से बढ़ गयी थी विद्यार्थियों की परेशानी
शिकारीपाड़ा महाविद्यालय से होम सेंटर हटाए जाने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा था. दूर के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में उन्हें अतिरिक्त किराया, समय और आवागमन की परेशानी उठानी पड़ रही थी.
ग्रामीण इलाकों से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह समस्या और ज्यादा गंभीर थी. परीक्षा के दिनों में समय पर केंद्र पहुंचने के साथ परिवहन की उपलब्धता भी उनके लिए चुनौती बनी हुई थी.
छात्रों ने विधायक और विश्वविद्यालय से लगायी थी गुहार
होम सेंटर हटाए जाने की समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से लेकर शिकारीपाड़ा विधायक तक अपनी बात रखी थी. विद्यार्थियों का कहना था कि दूर के केंद्रों पर परीक्षा देने जाने से पढ़ाई के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है.
विद्यार्थियों की परेशानी को विधायक आलोक कुमार सोरेन ने गंभीरता से लिया और छात्र हित में पहल शुरू की.
कुलपति को पत्र लिखकर की थी होम सेंटर बहाली की अनुशंसा
विधायक आलोक कुमार सोरेन ने सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के कुलपति को पत्र लिखकर शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में पुनः परीक्षा केंद्र बहाल करने की अनुशंसा की.
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों की परेशानियों को रखते हुए कहा कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए अनावश्यक रूप से दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए महाविद्यालय में होम सेंटर की बहाली जरूरी है.
विश्वविद्यालय ने लिया संज्ञान, फिर मिली मंजूरी
विधायक की पहल के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले पर संज्ञान लिया. विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में पुनः होम सेंटर बहाल करने का निर्णय लिया गया.
अब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने ही महाविद्यालय में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा. इससे उनके आवागमन का खर्च कम होगा और परीक्षा के दौरान होने वाली कई व्यावहारिक परेशानियों से भी राहत मिलेगी.
छात्रों और अभिभावकों ने जताया आभार
परीक्षा केंद्र की पुनर्बहाली को विधायक आलोक कुमार सोरेन की छात्र हितैषी पहल के रूप में देखा जा रहा है. विद्यार्थियों ने कहा कि होम सेंटर वापस मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी.
अभिभावकों ने भी विश्वविद्यालय के फैसले पर संतोष जताया. क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने विधायक आलोक कुमार सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए