आम के बगीचा से युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या कर शव फेंकने की आशंका
शव के पास लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
जंदाहा के बहंसी ओपी के पास आम के बगीचे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मोबाइल के आधार पर हुई पहचान के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
Hajipur News : जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहंसी ओपी के पास स्थित एक आम के बगीचे में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बीनगामा जलालपुर निवासी नरेश पासवान के 21 वर्षीय पुत्र संकेत कुमार के रूप में की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.
मोबाइल के आधार पर हुई पहचान
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह कुछ लोग आम के बगीचे की ओर गए थे, जहां झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से एक मोबाइल बरामद किया. मोबाइल और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान की गई. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की कहीं और हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बगीचे में फेंका गया है. घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए.
परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जंदाहा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार संकेत कुमार की शादी वर्ष 2025 में हुई थी. उसके पिता दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं.
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. बहंसी ओपी से महज कुछ दूरी पर शव मिलने की घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
क्या कहती है पुलिस
जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि बहंसी ओपी क्षेत्र के एक आम के बगीचे से संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद किया गया है. शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. शव के पास से बरामद मोबाइल को जब्त कर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










