हाजीपुर : गंगाब्रिज थाना परिसर में जब्त गाड़ी का टायर खोलते चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
हाजीपुर में थाना परिसर से पिकअप वैन का टायर और साइलेंसर खोलते एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. राहगीरों की सूचना पर हुई कार्रवाई से थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
Hajipur Crime News : गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने थाना परिसर में खड़ी जब्त पिकअप वाहन का टायर और साइलेंसर खोलते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से चोरी किया गया टायर, साइलेंसर और टायर खोलने का औजार बरामद किया गया है. पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
राहगीरों की सूचना पर हुई कार्रवाई
गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि रविवार देर रात वह थाना परिसर में कार्य कर रहे थे. इसी दौरान कुछ राहगीरों ने सूचना दी कि मालखाना परिसर में खड़ी जब्त पिकअप गाड़ी का पहिया एक संदिग्ध व्यक्ति खोल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया.
चोरी का सामान और औजार बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के तेरसिया गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी स्व. शत्रुध्न राय के पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. उसके पास से पुलिस ने एक टायर, एक साइलेंसर और टायर खोलने में इस्तेमाल होने वाला रींच बरामद किया. पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच थाना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई. लोगों का कहना है कि यदि राहगीर समय पर पुलिस को सूचना नहीं देते तो आरोपी आसानी से चोरी कर फरार हो जाता. इससे थाना परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी जितेंद्र कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










